
- कोरोना संक्रमण के मद्देनजर राज्य की वर्तमान स्थिति पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी सांसदों/विधायकों के साथ की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग
- सीएम ने कहा- डीबीटी के माध्यम से प्रवासी मजदूरों को सहायता राशि उपलब्ध करायेगी सरकार
Ranchi : कोरोना महामारी को लेकर लगे लॉकडाउन में राज्यवासियों के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के उठाये गये कदमों की बीजेपी सांसदों सहित सभी जनप्रतिनिधियों ने सराहना की है.
कमोवेश सभी जनप्रतिनिधियों ने सीएम को मुख्यमंत्री दीदी किचन योजना को गांव-गांव तक शुरू करने का सुझाव मुख्यमंत्री को दिया है.
दरअसल कोरोना वायरस महामारी के दुष्प्रभाव को देखते हुए मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को सभी सांसदों एवं विधायकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये एक उच्चस्तरीय मैराथन बैठक की.
सीएम ने जनप्रतिनिधियों से कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार सीमित संसाधनों के साथ गरीबों की सहायता में जुटी है.
इस विकट परिस्थिति में सांसद, विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की भूमिका अहम और महत्वपूर्ण है. उनका कर्तव्य बनता है कि वर्तमान परिस्थिति में सरकार द्वारा जो भी कार्य किये जा रहे हैं, उसे आम जनता तक पहुंचाने में प्रमुख भूमिका निभायें.
वीडियो कांफ्रेसिंग में 24 जिलों में से 22 जिलों के 3 सांसद विद्युतवरण महतो (बीजेपी), समीर उरांव (बीजेपी से राज्यसभा सांसद), कांग्रेस की गीता कोड़ा सहित 65 विधायकों से मुख्यमंत्री ने सीधा संवाद किया.
डीबीटी के माध्यम से प्रवासी मजदूरों को मिलेगी मदद
इस दौरान सीएम ने घोषणा कर कहा कि लॉकडाउन के कारण राज्य के लाखों मजदूर अभी विभिन्न राज्यों में फंसे हैं. इन प्रवासी मजदूरों को सरकार डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक अकाउंट में सहयोग राशि उपलब्ध करायेगी.
इसके लिए विभागीय पदाधिकारियों को एक मैकेनिज्म डेवेलप करने का निर्देश दिया गया है. सीएम ने सभी जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्र में किये जा रहे कार्यों की जानकारी दी. साथ ही कोरोना संक्रमण से कैसे निपटा जाय इस संबंध में उनके दिये सुझाव पर पहल करने की भी बात कहीं.
इसे भी पढ़ें : #LaluPrasad को पेरोल पर छोड़ने के पक्ष में सरकार, 12 को कैबिनेट बैठक में होगी बात : बादल
सीएम ने जनप्रतिनिधियों से की अपील
- अपने क्षेत्र में लोगों को मुख्यमंत्री दाल भात योजना, मुख्यमंत्री दीदी किचन योजना, थानों में खाने की व्यवस्था का लाभ मिले यह सुनिश्चित करायें.
- पीडीएस दुकानों से राशन मिलने में कोई दिक्कत न हो यह भी सुनिश्चित करें. नियमित तौर पर राशन उठाव और राशन वितरण का निरीक्षण करें और कोई अनियमितता या समस्या आने पर सरकार को सूचित करें. इसके लिए सभी जनप्रतिनिधि स्वयं मॉनिटरिंग करें.
- स्थानीय सांसदों और विधायकों के साथ-साथ सभी जनप्रतिनिधियों के साथ जिला प्रशासन एक बैठक आयोजित कर समन्वय स्थापित करें ताकि सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में सहूलियत हो सके.
- सीएम ने कहा कि ऐसी शिकायतें आ रही हैं कि सब्जी ट्रांसपोर्टेशन वाले वाहनों को शहर के बाजारों तक घूसने नहीं दिया जा रहा है. जनप्रतिनिधि ध्यान रखें कि ऐसे वाहनों की सुगमता के लिए हर संभव वे प्रयासरत रहें.
- लॉकडाउन में पशुपालकों को आ रही समस्याओं को लेकर सीएम ने कहा कि वे दूध को बर्बाद न करें, बल्कि दूध से घी बनाने का कार्य करें. इसके लिए जनप्रतिनिधि सहयोग करें.
मेडिकल संसाधन बढ़ाने को लेकर प्रयासरत है सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मेडिकल इक्विपमेंट्स बढ़ाने को लेकर सतत प्रयासरत है. उन्होंने कहा कि थर्मल इस्कैनर, पीपीई किट सहित अन्य मेडिकल संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार काम कर रही है.
राज्य में जांच केंद्र बढ़ाने एवं वेंटिलेटर उपलब्ध कराने के लिए केंद्र से भी अनुरोध किया गया है. कई हॉस्पिटलों में अन्य बीमारियों को लेकर मरीजों को आ रही दिक्कत को लेकर सीएम ने कहा कि जनप्रतिनिधि सुनिश्चित करें कि सभी निजी और सरकारी हॉस्पिटलों में मरीजों की देखरेख पहले जैसा ही हो.
इसे भी पढ़ें : #Hazaribagh : पीएम केयर फंड के नाम से फर्जी वेबसाइट बना कर की 52 लाख की ठगी, मुख्य आरोपी फरार




