
Latehar : लातेहार जिला अंतर्गत महुआडांड थाना क्षेत्र के ओरसापाट में शराब मांगने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत गयी, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है. इनमें एक को बेहतर इलाज के लिए रांची, रिम्स रेफर कर दिया गया है.जानकारी के अनुसार शुक्रवार को शराब मांगे जाने को लेकर हुए विवाद के बाद नावाटोली ओरसा पाठ के रहने वाले बोगे बड़ाईक (उम्र 60 वर्ष) की मौत हो गयी. वहीं उसकी पत्नी लालमती देवी तथा गांव के ही रहने वाले मनोज जायसवाल (उम्र 28 वर्ष) की स्थिति गंभीर बनी हुई है. घटना की सूचना दोनों के परिजनों द्वारा महुआडांड़ थाने में दे दी गयी है.
मनोज के परिजनों ने की बोगे और उसकी पत्नी के साथ मारपीट
महुआडांड़ के एसडीपीओ डॉ एहतेशाम वकारीब ने बताया कि शुक्रवार की शाम 5 बजे बोगे बड़ाइक के घर में मनोज जायसवाल शराब मांगने गया था. बोगे बड़ाइक की पत्नी लालमती देवी द्वारा शराब नहीं है कहने पर लालमती देवी व मनोज जायसवाल के बीच कहा सुनी होते होते विवाद मारपीट में तब्दील हो गयी. बाद में बोगे बड़ाइक भी विवाद में शामिल हो गया. मारपीट के क्रम में मनोज जायसवाल को सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें आई और वह बेहोश होकर गिर गया. घटना की जानकारी जब मनोज जायसवाल के परिजनों को हुई तो वे बोगे बड़ाइक के घर पहुंच गए व उसके व उसकी पत्नी के साथ जमकर मारपीट की. गंभीर स्थिति में मनोज जायसवाल और बोगे बड़ाइक और उसकी पत्नी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां बोगे बड़ाइक की मौत हो गयी.
मनोज जायसवाल की स्थिति को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे रिम्स रेफर कर दिया है. पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल लातेहार भेज दिया गया है. एसडीपीओ ने बताया कि दोनों तरफ के बयान लेकर एफआइआर दर्ज कर ली गयी है.




