
पलामू : पलामू प्रमंडल के न्यू पुलिस लाइन परिसर लातेहार में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मंगलवार को लातेहार और चतरा जिले में चल रहे विकास कार्यो और विधि-व्यवस्था की उच्च स्तरीय बैठक कर समीक्षा की. अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने लातेहार शहर में एक पुल का निर्माण 7 सालों से अधूरा रहने पर गायत्री बिल्डकॉन कंपनी को टर्मिनेट करने का निर्देश दिया. चतरा जिले के टंडवा प्रखंड में जल जीवन मिशन की धीमी गति के लिए श्रीराम ईपीसी कंपनी को शो-कॉज किया. मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री पशुधन योजना की प्रगति संतोषजनक नहीं होने पर चतरा जिला के जिला पशुपालन पदाधिकारी को 21 फरवरी तक दी मोहलत, नहीं तो निलंबित होंगे.
इसे भी पढ़ें: पलामू : निजी एम्बुलेंस की तीन दिनों से हड़ताल, सरकारी एंबुलेंस नहीं मिली-तड़पता रहा रेफर मरीज
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के कम आवेदनों और उसके निष्पादन में ढिलाई पर चिंता जताई. अधिकारियों से कहा कि इस योजना से युवाओं को जोड़ने के लिए जागरूक करें. मुख्यमंत्री ने कहा कि सिदो-कान्हू कृषि एवं वनोपज राज्य सहकारी संघ के माध्यम से यहां के विशेष कृषि तथा वन उत्पाद को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराएंगे. मुख्यमंत्री ने लातेहार जिला को प्रखंड सह अंचल कार्यालय, सदर के नवनिर्मित भवन, डिग्री कॉलेज, महिला डिग्री कॉलेज और बहुउद्देशीय भवन की सौगात दी. ऑनलाइन उद्घाटन किया.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा अगर योजनाओं की प्रगति सिर्फ कागजों पर दिखे तो बजट का बड़ा हिस्सा आपकी सैलेरी पर खर्च करने का कोई मतलब नही’. हमारा पूरा फोकस योजनाओं की गति को रफ्तार देने पर है. आम लोगों द्वारा समस्याओं को लेकर जो आवेदन मिलते हैं, उसपर एक्शन लें तो नहीं तो कई अधिकारी-कर्मचारी नप जाएंगे.
वर्ष 2023 “योजनाओं के क्रियान्वयन“ का वर्ष है. हमारा पूरा फोकस योजनाओं की गति को रफ्तार देना है। इस कड़ी में योजनाओं के प्रगति की लगातार निगरानी हो रही है. योजनाएं वास्तविक रुप से धरातल पर उतरे. योजनाएं सही समय पर पूरी हो. आम लोगों को तमाम योजनाओं का पूरा लाभ मिले. इसमें अधिकारियों-कर्मचारियों की अहम भूमिका है. आप अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी के साथ निभाएं, वरना आपके खिलाफ सरकार कार्रवाई करने को बाध्य होगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि लातेहार जिला में जमीन का नया सर्वे होना है. ऐसे में नए सर्वे को लेकर जो-जो समस्याएं उत्पन्न हो सकती है, उसकी लिस्ट तैयार करने का उपायुक्त को निर्देश दिया गया. इस मामले पर राजस्व सचिव बैठक कर आवश्यक निर्णय लेंगे और दिशा निर्देश जारी करेंगे.
लातेहार और चतरा के पुलिस अधीक्षक को अपने-अपने जिले के 20-20 टॉप प्रायोरिटी वाले अपराधिक केस की लिस्ट तैयार करने, उसका अनुसंधान शीघ्र पूरा कर चार्ज शीट दाखिल करने का दिया गया, निर्देश ताकि आपराधिक मामलों में कनविक्शन रेट को बढ़ाया जा सके. समीक्षा बैठक में मंत्री सत्यानंद भोक्ता विधायक वैद्यनाथ राम और रामचंद्र सिंह, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, सचिव अबू बकर सिद्दीकी, सचिव मनीष रंजन, सचिव कृपानंद झा, एडीजी संजय आनंद लाटकर, पुलिस महानिरीक्षक ,वी होमकर, लातेहार के उपायुक्त भोर सिंह यादव, पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन और चतरा के उपायुक्त अबु इमरान, पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन तथा दोनों जिलों के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे.






