
Ranchi: बालू माफिया के बिहार-झारखंड स्थित ठिकाने पर शनिवार सुबह को ईडी की टीम ने दबिश दी है. बिहार के आरा, भोजपूर, झारखंड के धनबाद स्थित ठिकाने पर छापेमारी कर रही है. ब्रॉडसन कंपनी के निदेशक पुंज कुमार सिंह और कृष्ण मोहन सिंह के ठिकानों पर यह रेड चल रही है. पुंज कुमार सिंह और कृष्ण मोहन सिंह बॉडसन कंपनी के पार्टनर हैं. भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र के धनडीहा स्थित श्रीराल वाटिका और धनबाद में पुंज कुमार सिंह के ठिकानों ईडी की रेड चल रही है. बालू कारोबारी पुंज कुमार सिंह पर 250 करोड़ से अधिक के राजस्व चोरी का आरोप है.
बालू के खेल में पहले भी छापेमारी, जेल में अन्य आरोपी
ईडी ने लालू यादव के करीबी सुभाष यादव के पूर्व वाटसन समूह के अन्य कारोबारी के ठिकानों पर भी छापा मारा था. बालू के अवैध कारोबार को लेकर बिहार के कई राजनेता भी जांच की जद में आ चुके हैं. बालू से जुड़े अवैध कारोबार में इससे पहले जदयू विधान पार्षद राधा चरण सेठ, उनके पुत्र कन्हैया के अलावा मिथिलेश सिंह, सतीश कुमार व अन्य के खिलाफ भी कार्रवाई हो चुकी है. राधा चरण, कन्हैया व अन्य आरोपी अभी जेल में हैं. ईडी ने बीते 9 मार्च को ब्रॉडसन के एक अन्य अधिकारी अशोक कुमार और अजय राय के भी ठिकानों पर छापेमारी की थी. सुभाष यादव के अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी में दो करोड़ से अधिक कैश और कागजात मिले थे. सुभाष यादव भी बालू के कारोबार से जुड़ी ब्रॉडसन कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के निदेशक हैं.




