
Ranchi : राजधानी में भू-माफिया बहुत सक्रिय हैं. मीडिया में यह खबर हमेशा सुर्खियों में भी बनी रहती है. अब ठीक ऐसा ही एक मामला स्वर्णरेखा की सहायक भुसूर नदी के आसपास की 100 एकड़ जमीन को लेकर सामने आया है. भू-माफियाओं ने नदी के आसपास की 100 एकड़ जमीन पर कब्जा कर इस पर अवैध तरीके से निर्माण कार्य करा लिया है. जाहिर है कि इतने एकड़ जमीन पर कब्जा करना किसी अधिकारी की संलिप्तता के बिना संभव नहीं हैं.
अब रांची जिला प्रशासन ने ऐसे भू-माफियाओं और अधिकारियों पर कार्रवाई करने का फैसला कर लिया है. रांची डीसी छवि रंजन ने इनके खिलाफ जांच करने व कार्रवाई करने का निर्देश है. उन्होंने नगड़ी और अरगोड़ा सीओ को नदी की जमीन की मापी करा कर अवैध कब्जा करनेवालों पर अविलंब कार्रवाई करने को कहा है.
डीसी ने सीओ से यह भी कहा है कि नगड़ी से नामकुम तक नदी की नापी करा कर यह रिपोर्ट भी दें कि कितने लोगों ने नदी की जमीन पर कब्जा की है. अवैध तरीके से नदी का अतिक्रमण करनेवालों का लिस्ट बनाने का निर्देश डीसी ने दिया है. डीसी ने यह भी पूछा है कि कैसे देखते-देखते नदी की 100 एकड़ से ज्यादा जमीन पर भू-माफियाओं ने सांठगांठ कर कब्जा कर लिया, लेकिन सीओ को यह पता भी नहीं चला.
रांची अपर समाहर्ता राजेश बरवार ने न्यूज विंग से बातचीत में बताया है कि डीसी ने संबंधित सीओ को अतिक्रमित जमीन की नापी का निर्देश दिया है. अगले 10 दिनों में सीओ को रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद प्रशासन द्वारा अतिक्रमण किये लोगों पर कार्रवाई की पहल की जायेगी.




