JharkhandLead NewsNationalRanchi

रांची पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने बताया GDP का नया मतलब 

बोले-मोदी सरकार जब कहती है कि GDP बढ़ रही है तो इसका मतलब गैस, डीजल और पेट्रोल है

Ranchi :  कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने आज रांची में कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने GDP का नाम बदल डाला है. यह सरकार जब जीडीपी बढ़ने की बात कहती है तो उसका मतलब गैस, डीजल और पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि से है. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार अब नाम बदलने को ही तरक्की मानती है. स्टेडियम से लेकर विश्वविद्यालय तक के नाम बदले जा रहे हैं. देश भर के पेट्रोल पंपों का नाम भी वास्तविक रूप में बदल गया है. पेट्रोल पंप अब मोदी टैक्स वसूली केंद्र बन गये हैं. इन पंपों पर मोदी की मुस्कुराती हुई जो तस्वीरें लगी हैं, वह इस बात का सबूत है कि वह पेट्रोल-डीजल के बढ़ते मूल्यों को देखकर वह खुश हो रहे हैं.

गौरव वल्लभ आज झारखंड कांग्रेस भवन में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे.  उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और गैस की बढ़ती हुई कीमतों के लिए केंद्र की पॉलिसी जिम्मेदारी है. आज की तारीख में पेट्रोल की बेस प्राइस 31 रुपये प्रति लीटर है. इसपर केंद्र सरकार ने 32.5 रुपये प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी लगा दी है.

यानी केंद्र की ओर से बेस प्राइस पर लगाया गया टैक्स 100 प्रतिशत से ज्यादा है. यह जनता के साथ सरासर अन्याय है. इसी तरह डीजल में एक्साइज ड्यूटी यूपीए सरकार के कार्यकाल में जहां प्रति लीटर 3.56 रुपये थी, उसे बढ़ाकर 31 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है. यानी डीजल पर एक्साइज ड्यूटी 250 प्रतिशत बढ़ायी गयी है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अगर एक्साइज ड्यूटी घटा दे तो राज्य सरकार की ओर से लगनेवाला वैट खुद कम हो जायेगा, क्योंकि वैट पूरी कीमत पर लागू होता है.

उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतों की वृद्धि पर मोदी सरकार की दलील है कि कीमतों की वृद्धि रोकना उनके हाथ में नहीं है. सवाल यह है कि इस सरकार के हाथ में है क्या ? अगर इनके हाथ में ही कुछ नहीं है तो इन्हें सत्ता पर बैठने का क्या हक है?  गौरव वल्लभ ने कहा कि 2014 में कच्चा तेल यानी क्रूड ऑयल 108 डॉलर प्रति बैरल था, जो आज की तारीख में 62-63 डॉलर प्रति बैरल हो गया है, इसके बावजूद लोगों को 100 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल खरीदना पड़ रहा है. उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि रसोई गैस की कीमत 75 दिन में 175 रुपये प्रति सिलिंडर बढ़ गया है. कहां हैं वो लोग जो 10 रुपये कीमत बढ़ने पर सिर पर सिलिंडर लेकर घूमते थे?

प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष कुमार गौरव सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे. प्रेस कांफ्रेंस के पहले युवा कांग्रेस ने पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों के विरोध में मोरहाबादी मैदान से साइकिल रैली निकाली, जिसमें कांग्रेस प्रवक्ता गौरव वल्लभ भी शामिल हुए.

Related Articles

Back to top button