
Kolkata : पश्चिम बंगाल में भाजपा और टीएमसी के बीच जंग जारी है. जुबानी जमाखर्च जारी है. गुरुवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर पथराव की घटना क्या हुई? इसके बाद दोनों पार्टियों के बीच जुबानी जंग शुरू हो गयी. सीएम ममता बनर्जी ने पथराव की इस घटना को भाजपा का नाटक करार देते हुए कहा, उनके पास कोई और काम नहीं, सबके सब यहीं जमे रहते हैं. जान लें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 19 और 20 दिसंबर को भी पश्चिम बंगाल दौरे पर जा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें : लालू को जमानत के लिए करना होगा इंतजार, अब छह सप्ताह बाद सुनवाई
काफिले के आकार पर सवाल उठाया
ममता बनर्जी ने काफिले के आकार पर भी सवाल उठाया और उसके साथ चल रहे मीडिया कर्मियों पर भी. ममता ने कहा, आपका, नेताओं का स्वागत है. हम हिंसा के खिलाफ हैं. मुख्यमंत्री ने मध्य कोलकाता में मेयो रोड पर गांधी प्रतिमा के पास एक रैली में कहा, आपके आस-पास 50 कारें क्यों हैं? और बाइक और मीडिया कारें? तो कौन लोग वहां खड़े थे? किसने फेंक दिया? क्या इसकी योजना है? आप बहुत स्मार्ट हैं, आप सब कुछ देखने के लिए सैटलाइट का उपयोग कर सकते हैं,
इत क्रम में ममता की जुबान फिसल गयी, कहा, भाजपा पास कोई और काम नहीं है. अकसर गृह मंत्री यहां होते हैं, बाकी समय उनके चड्ढा, नड्डा, फड्डा, भड्डा यहां होते हैं. जब उनके पास कोई दर्शक नहीं होता है, तो वे अपने कार्यकर्ताओं को नौटंकी करने के लिए कहते हैं.
इसे भी पढ़ें : किसानों को मनाने की कोशिश, पीएम मोदी ने वीडियो जारी कर की अपील, दो मंत्रियों ने जो कहा, उसे जरूर सुनें…
ममता जी बंगाल को कितना नीचे ले गयी हैं
ममता के बोल पर भाजपा अध्यक्ष ने जवाब देते हुए कहा, उन्होंने मेरे बारे में बहुत सारी संज्ञाएं, विचार और शब्दावली दी है. ममता जी ये आपके संस्कारों के बारे में बताता है और ये बंगाली संस्कृति नहीं है…ममता जी बंगाल को कितना नीचे ले गयी हैं. डायमंड हार्बर इलाके में हुई पथराव की घटना पर ममता ने उंगली उठाते हुए कहा, आपके साथ सुरक्षाकर्मी हैं.
कोई आप पर हमला कैसे कर सकता है? हमले की योजना बनाई गयी होगी, मैंने पुलिस से जांच करने के लिए कहा है. लेकिन मैं हर समय झूठ बर्दाश्त नहीं करूंगी. भाजपा कार्यकर्ता हर दिन हथियारों के साथ रैलियों के लिए आते हैं. वे खुद को थप्पड़ मार रहे हैं और इसका आरोप तृणमूल कांग्रेस पर लगा रहे हैं.
जान लें कि श्री नड्डा के काफिले पर हुए हमले के बाद भाजपा नेता बंगाल में कानून व्यवस्था और राज्य की ममता सरकार पर निशाना साध रहे हैं. जेपी नड्डा से पहले पार्टी अध्यक्ष रहे गृह मंत्री अमित शाह ने जेड प्लस श्रेणी के नेता की सुरक्षा चूक की जांच के आदेश दिये हैं. बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने शाह को बुधवार ही नड्डा की सुरक्षा के बारे में लिखा था, क्योंकि उन्हें कोलकाता में काले झंडे दिखाए गये थे.




