
Kolkata : कोलकाता के भीड़भाड़ वाले बुर्राबाजार इलाके के बगरी बाजार में रविवार तड़के आग लग गई. दमकल विभाग के सूत्रों ने बताया कि तड़के करीब ढाई बजे बाजार में एक इमारत में आग लग गई. फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
इसे भी पढ़ेंःपथ विभाग की 5000 करोड़ की योजनाओं पर ब्रेक, बोकारो एक्सप्रेस हाइवे पर भी ग्रहण
बचाव कार्य में दमकल की 30 गाड़ियों में लगाया गया
सूत्रों ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 30 गाड़ियों को लगाया गया है. पांच मंजिला इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल पर पहुंचने के लिए सीढ़ी लाई गईं. टीम के एक अधिकारी ने बताया कि आग लगने वाले इलाके में इमारतों की संख्या ज्यादा होने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन हम आग पर काबू पाने की सर्वश्रेष्ठ कोशिश कर रहे हैं. दमकल विभाग के महानिदेशक और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए.
इसे भी पढ़ें : घुटन में माइनॉरटी IAS ! सरकार पर आरोप- धर्म देखकर साइड किए जाते हैं अधिकारी
आग के कारण इलाके में यातायात पाबंदियां लगाई गई
दमकल के अधिकारी ने बताया कि इमारत में घुसने के लिए दरवाजों और छोटी खिड़कियों की ग्रिल काटने के लिए हाइड्रॉलिक सीढ़ी और गैस कटर का इस्तेमाल कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि आग इमारत के भूतल पर लगी और अन्य मंजिलों तक फैल गई. आग के कारण इलाके में यातायात पाबंदियां लगाई गई हैं.
400 दुकानों वाली इमारत में भीषण आग
आग 400 से अधिक दुकानों वाली एक बहुमंजिला इमारत में भयंकर आग गई. इमारत में मुख्यत: दवाइयों और परफ्यूम की दुकानें है. अधिकारी ने कहा कि छह घंटे बाद भी आग बुझाना मुश्किल हो रहा है. आग लगने के कारण का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक की एक टीम घटनास्थल का मुआयना करेगी. इमारत में भारी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग तेजी से फैली.
दुकानदारों का आरोप- दमकल अधिकारियों ने अभियान शुरू करने में की देरी
इधर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घटना के बारे में कहा कि इमारत में कोई फंसा नहीं है. हमारे पास किसी के हताहत होने की भी कोई खबर नहीं है. अपुष्ट रिपोर्टों के अनुसार, इमारत की ऊपरी मंजिल पर रह रहे लोग आग लगने के तुरंत बाद बाहर निकल आए. कुछ गुस्साएं दुकानदारों ने आरोप लगाया कि दमकल अधिकारियों ने अभियान शुरू करने में देरी की. एक दुकानदार अनिल मेहता ने कहा कि दुर्गा पूजा से कुछ समय पहले इस आग में मैंने सब कुछ खो दिया. गोदाम के साथ मेरी दुकान भी जलकर खाक हो गई.
दमकलकर्मी आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत कर रहे
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे महापौर सोवन चटर्जी ने कहा कि दमकलकर्मी आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहे है लेकिन काफी संख्या में इमारतें होने के कारण यहां आग बुझाने के अभियान में मुश्किल आ रही है. आग के कारण इलाके में यातायात पाबंदियां लगाई गई हैं. कोलकाता यातायात पुलिस विभाग ने ट्वीट कर कहा कि आग लगने की घटना के कारण एमजी रोड और पोद्देर कोर्ट के बीच रबिंद्र सारणी और ब्राबोर्न रोड और रबिंद्र सारणी के बीच कैनिंग स्ट्रीट पर वाहनों की आवाजाही बंद है.
इसे भी पढ़ें : पुलिस महकमे के एक खास वर्ग का नौकरशाही में वर्चस्व, राष्ट्रपति से शिकायत




