
Ranchi: पथ निर्माण सचिव सुनील कुमार ने इंजीनियरों के खिलाफ सख्त रवैया अपनाया है. काम में कोताही बरतने वाले सारे इंजीनियरों को चिंह्नित कर स्पष्टीकरण पूछने का आदेश दिया है. सभी नॉन परफॉरमिंग कार्यपालक अभियंताओं पर भी विभागीय कार्यवाही चलाने का आदेश अधिकारियों को दिया है. सचिव ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगर पथों के निर्माण के बाद उनके जर्जर होने एवं पथों में उभरे गड्ढों का समय पर मरम्मत नहीं किया गया तो संबंधित कार्यपालक अभियंता सीधे जिम्मेवार होंगे.
पथ सचिव ने सभी कार्यपालक अभियंताओं को अपने पथ प्रमंडल में विजिलेंट मोड पर 24 गुणा सात की तर्ज पर कार्य करने को कहा है,ताकि रोड की स्थिति हमेशा दुरूस्त रहे. यह बात भी सामने आ रही है कि कई जगह सड़क बनने के बाद वह तुरंत टूट रही है. जांच दल गठित कर समय-समय पर इसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया है ताकि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके.
क्षतिग्रस्त पुल को दुरूस्त करने का निर्देश
पथ सचिव ने यह भी कहा हे कि कई जगह पुल क्षतिग्रस्त पाये जा रहे हैं उसके स्थान पर वाहनों के वैकल्पिक रोड दिया जाये. इसके साथ-साथ सारे क्षतिग्रस्त पुलों को दुरूस्त करने को कहा है.




