
Koderma: एनएचएआइ के द्वारा सड़क निर्माण के दौरान कोडरमा के चाराडीह-झुमरी तालाब को अलकतरायुक्त कचरे से भरे जाने का ग्रामीणों ने विरोध किया है. बुधवार को झुमरी तालाब बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले कई गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने बैठक कर तालाब बचाने के लिए आंदोलन बाकी रूपरेखा बनाई.
इस दौरान लोगों ने स्थानीय सांसद पर भी निशाना साधा. ज्ञात हो कि उक्त तालाब को सड़क निर्माण के दौरान भरा जा रहा है. दो दिन पहले भी ग्रामीणों ने तालाब के पास पहुंचकर कचरा से भरे जाने पर भारी विरोध जताया था. लोगों ने कहा कि इस मामले में एनएचएआइ के अधिकारी व निर्माण कंपनी के मैनेजर के विरूद्ध कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए.
अधिकारियों के विरोध में जमकर नारेबाजी की. वहीं लोगों ने तालाब अधिग्रहण को ही नियम विरूद्ध बताया. कहा कि तालाब के दूसरे छोर में 50 फीट अतिरिक्त भूमि होने के बाद भी जबरन तालाब को अधिग्रहण किया जा रहा है, जो यहां के दर्जनों गांवों के लोगों के जीवन के साथ खिलवाड़ है.
11.80 एकड़ में फैले इस तालाब के कारण ही सैकड़ों किसान खेती पर आश्रित हैं. तालाब से ही आस-पास के कई गांवों में जलस्तर पर सामान्य बना हुआ है. जलसंकट की स्थिति उत्पन्न हुई तो चंदा कर लाखों रूपया खर्च कर लोगों ने गहरीकरण करवाया.
अब बिना ग्रामीणों के समन्वय से पुरानी सड़क का अलकतरायुक्त कचरा से तालाब के बड़े हिस्से को भर दिया गया. इससे पूरा तालाब का पानी जहरीला हो रहा है. यहां तक की पानी का रंग भी बदलने लगा है. इस पानी के सेवन से गांव के मवेशियों की मौत हो सकती है.
पानी में जहरीला केमिकल व डस्ट फैलने से फसल नष्ट हो सकता है. बैठक में सुरेश यादव, राजेश यादव, सईद नसीम, राजेंद्र प्रसाद, विजय यादव, मनोज कुमार शर्मा, महादेव यादव, परमेश्वर यादव, बालगोविद यादव, अर्जुन यादव, सुजीत राज आदि ने कहा कि किसी भी कीमत पर तालाब को बचाया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: प्राइमरी-मिडिल शिक्षकों के वेतन-रिटायरमेंट बेनिफिट के लिए विभाग ने दिये 2 अरब रुपये
एनजीटी को भी लिखा पत्र
रोड के कचरे से पानी दूषित करने के मामले में ग्रामीणों ने नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल को भी मेल के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित कर एनएचएआइ व निर्माण कार्य एजेंसी आरकेएस कंस्ट्रक्शन के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की है.
कहा कि कंपनी व विभाग के लापरवाही से पूरे तालाब को साथ ही लोगों ने मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक, उपायुक्त, एसडीओ, वन एवं पर्यावरण विभाग के पदाधिकारी को भी ज्ञापन प्रेषित किया है.
इसे भी पढ़ें: लातेहार: रंगदारी वसूलने आया टीएसपीसी का सबजोनल कमांडर गिरफ्तार, 8 हथियार और 560 कारतूस बरामद




