
Ranchi: झारखंड के दो आइएएस केके सोन और मनोज कुमार ने टाटा मुंबई मैराथन में फूल मैराथन में भाग लेकर अपना दमखम दिखाया. केके सोन ने मुंबई मैराथन में पूर्व में भी भागीदारी की है. 9वीं बार वे इस मैराथन में शामिल हुए. मनोज कुमार ने तीसरी बार इस मैराथन रेस में भागीदारी की. गौरतलब है कि झारखंड में अलग-अलग विभागों में सेवा दे चुके सोन इन दिनों केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी (पेयजल विभाग) संभाल रहे हैं. मनोज कुमार फिलहाल झारखंड में खेल विभाग के सचिव हैं. मैराथन में इन दोनों अधिकारियों की खूब दिलचस्पी देखने को मिलती रही है. मुंबई मैराथन के अलावा केके सोन पचास से भी अधिक मैराथन प्रतियोगिताओं में जबकि मनोज कुमार करीब 30 मैराथन रेस में भागीदारी कर चुके हैं. अभी मुंबई मैराथन में दोनों ने गैर पेशेवर केटेगरी में 42 किमी की रेस में भागीदारी की. इसमें 13,716 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था.
मुंबई मैराथन है खास
गौरतलब है कि वर्ष 2004 से निरंतर टाटा मुंबई मैराथन का आयोजन महाराष्ट्र में होता आ रहा है. अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देश विदेश के अंतरराष्ट्रीय स्तर के एथलेटिक्स प्लेयर्स भी भाग लेते हैं. इस वर्ष आयोजित इस प्रतियोगिता में शौकिया वर्ग में पूर्ण मैराथन के लिए 12,000 से अधिक धावकों ने नामांकन कराया जबकि अर्ध-मैराथन में लगभग 15,000 धावकों ने भाग लिया. ओपन 10K में लगभग 8,500 धावक, ड्रीम रन में 25,000 से कुछ अधिक धावकों ने हिस्सा लिया. सीनियर सिटीजन रन में 1,894 धावक जबकि दिव्यांग चैम्पियन (किसी साथी के साथ) में लगभग 1,100 धावकों ने रजिस्ट्रेशन कराया था.




