
Ranchi : गिरिडीह के जिला सहकारिता पदाधिकारी मनोज कुमार द्वारा रिश्वत लिये जाने का वीडियो वायरल है. इस पर कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री बादल ने संज्ञान लिया है. इस मामले में उन्होंने विभागीय सचिव अबू बकर सिद्दीकी को जांच करने का निर्देश दिया है. श्री बादल ने कहा कि वायरल वीडियो में सहकारिता पदाधिकारी द्वारा एक व्यक्ति से धान क्रय केंद्र खोले जाने को लेकर राशि की मांग की जा रही है. यह मामला काफी गंभीर है. जल्द से जल्द इसकी जांच करायी जाये.
मंत्री के निर्देश के बाद अबू बकर सिद्दीकी ने गिरिडीह डीसी को निर्देश दिया है कि वह अविलंब एडीएम स्तर के पदाधिकारी से जांच करा कर रिपोर्ट सौंपें.
क्या है मामला
पदाधिकारी मनोज कुमार और सहकारिता प्रसार का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. पदाधिकारी देवरी के खरियोडीह में पैक्स धान अधिप्राप्ति केंद्र खोलने के नाम पर 8000 रुपये के रिश्वत की मांग कर रहे हैं.
पदाधिकारी और सहकारिता प्रसार पदाधिकारी राजकुमार रजक द्वारा मांगे गये घूस के वायरल होते वीडियो ने विभाग को शर्मसार कर दिया है. देवरी के खरियोडीह में पैक्स खोलने के एवज में घूस मांगने का यह वीडियो दो दिन पहले का बताया जा रहा है.
वायरल वीडियो में जिला सहकारिता पदाधिकारी के चैंबर में सहकारिता प्रसार पदाधिकारी पैक्स खोलने के लिए व्यक्ति से पैसे लेकर अपने जेब में भी रखते नजर आ रहे हैं.
इसे भी पढ़ें – जय श्री राम की भेंट चढ़ गयी विधानसभा, हंगामे के कारण जनता की समस्याएं फिर हुईं गौण




