
Bokaro : जिले के कसमार थाना क्षेत्र के खैराचातर महावीर चौक के पास स्थित एक पान गुमटी के पीछे अवस्थित कुएं से शनिवार की सुबह एक लाश बरामद हुई. इसकी पहचान खैराचातर निवासी राधागोविन्द जायसवाल के पुत्र रवि जायसवाल (35 वर्ष) के रूप में हुई है. रवि 18 अक्टूबर को शाम करीब 7 बजे अपने घर से पेट्रोल लेने व कपड़ा सिलाने की बात कहकर घर से निकला था, उसके बाद से वह लापता हो गया. दो दिन से इसकी खोजबीन की जा रही थी, लेकिन कुछ भी पता नहीं चल पा रहा था. उसका मोबाइल नॉट रिचेबल बता रहा था.
इसे भी पढ़ें : गोमिया के छात्र की बोकारो के तुपकाडीह में हत्या, जांच में जुटी पुलिस
गांव में शोक की लहर
परिजनों ने शुक्रवार को उसकी गुमशुदगी की लिखित सूचना कसमार थाना को भी दी थी. शनिवार की सुबह कुछ लोग कुआं में पानी भरने गए, तो लाश को तैरता पाया. पूरे गांव में इसकी खबर फैल गई. सैकड़ों लोग मौके पर जुटे. आशंका जताई जा रही है कि गुमटी में सिगरेट लेने के बाद वह पीने के लिए उसके पीछे गया होगा तथा रात का समय होने व कुआं की जानकारी नहीं होने के कारण वह फिसलकर गिर गया होगा.
इसे भी पढ़ें : दक्षिण भारत के योगी आदित्यनाथ कहे जानेवाले स्वामी परिपूर्णानंद भाजपा में शामिल हुए
सूचना पाकर कसमार थानेदार रंजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. मुखिया प्रतिमा देवी, प्रतिनिधि तुलसीदास जायसवाल, पूर्व जिप सदस्य विमल जायसवाल, पूर्व मुखिया रामसेवक जायसवाल, पूर्व पंसस उपेंद्र जायसवाल आदि की उपस्थिति में शव को बाहर निकाला गया. उसे पोस्टमार्टम के लिए चास भेजा जाएगा. रवि दो भाइयों में छोटा था. घटना को लेकर गांव में शोक की लहर है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.




