National

केरल : #StMaryChurch पर अधिकार की जंग चरम पर, जैकबाइट गुट के 12 bishops गिरफ्तार

Ernkaulam :  केरल के एर्नाकुलम जिले में स्थित ऐतिहासिक सेंट मेरी चर्च पर अधिकार की लड़ाई चरम पर है. खबरों के अनुसार  एर्नाकुलम के पिरोवम में पुलिस ने जैकबाइट धड़े के 100 लोगों को गिरफ्तार किया है.  गिरफ्तार लोगों में 12 बिशप भी शामिल हैं. चर्च का संचालन अपने हाथ में लेने के लिए पहुंचे ऑर्थोडॉक्स धड़े का ये लोग विरोध कर रहे थे. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बल प्रयोग करते हुए जैकबाइट धड़े के लोगों को वहां से खदेड़ा.

जैकबाइट खेमे के बिशप की गिरफ्तारी के साथ ही मलंकारा चर्च के दो धड़ों में पिछले दो दिन से चल रही तनातनी फिलहाल खत्म हो गयी है. जैकबाइट चर्च के मेट्रोपॉलिटन ट्रस्टी जोसेफ एम ग्रेगोरियस के अलावा पुलिस ने ईएम एथनेसियस और जीएम कूरिलोस समेत कई सीनियर बिशप को गिफ्तार किया है.

इसे भी पढ़ें : सुनिये सरकार, 1000 रुपये फॉर्म की फीस पर क्या कह रहे हैं बेरोजगार युवक

ऑर्थोडॉक्स समूह को 11 हजार चर्चों पर नियंत्रण का अधिकार मिला था

जान लें कि 2017 में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद ऑर्थोडॉक्स समूह को 11 हजार चर्चों पर नियंत्रण का अधिकार मिला था.  हालांकि समूह इनमें से बहुत से चर्चों पर अब तक कब्जा नहीं कर पाया है.  केरल हाई कोर्ट ने पुलिस को निर्देश दिये हैं कि वह अनुयायियों को गिरजाघर जाने और वहां धार्मिक क्रियाकलाप करने में उन्हें सुरक्षा मुहैया कराये. हाई कोर्ट ने ऑर्थोडॉक्स धड़े की याचिका पर यह निर्देश दिये थे.

खबरों के अनुसार गुरुवार सुबह से ही जैकबाइट धड़े के विरोध प्रदर्शन की संभावना को देखते हुए चर्च के आसपास पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गयी थी.  दोपहर में पुलिस ने ऐलान किया कि हाई कोर्ट के आदेश के मुताबिक चर्च के आसपास से प्रदर्शनकारियों को हटाना होगा.  इस दौरान पुलिस की चर्च में एंट्री रोकने की कोशिश की गयी.

मुख्य गेट पर ताला लगाने के साथ ही जैकबाइट धड़े ने चेन और रस्सियों की मदद से पुलिस को पीछे धकेलने की कोशिश की.  पुलिस ने फायर सर्विस के कर्मचारियों की मदद से चर्च के दरवाजों को खोला.  इस दौरान कलेक्टर एस सुहास ने जैकबाइट धड़े के वरिष्ठ सदस्यों से प्रदर्शन खत्म करने की अपील की लेकिन कामयाबी नहीं मिली.

बिशप एम ग्रेगोरियस की गिरफ्तारी के बाद ही पुलिस जैकबाइट प्रदर्शनकारियों को हटाने में कामयाब हो सकी. दोपहर दो बजे तक चर्च को प्रदर्शनकारियों से पूरी तरह खाली करा लिया गया.  कई महिलाओं और बुजुर्गों को चर्च कैंपस छोड़ने से पहले रोते हुए देखा गया.

इसे भी पढ़ें : सरकार के आश्वासन से कितने संतुष्ट हैं पारा टीचर, हमें लिखे…

Related Articles

Back to top button