
Ranchi : कोरोना संकट और इसकी दूसरी लहर ने राज्य को बुरी तरह से झकझोर रखा है. इसके चलते राज्य में महीने भर से अधिक समय से लॉकडाउन जारी है. अब भी 10 जून तक कई शर्तों के साथ लॉकडाउन को बनाये रखा गया है. इधर, कोरोना के कारण लगातार बढ़ती चुनौतियों के बीच गांवों में हाहाकार की स्थिति पैदा होने लगी है. अब इसे देखते हुए राज्य सरकार ने राज्य में फिर से सीएम दीदी किचन सेवा शुरू करने का इरादा बनाया है. अगले तीन-चार दिनों के भीतर इसकी शुरूआत ग्रामीण विकास विभाग के जरिये की जायेगी. कार्यक्रम को शुरू करने को गुरुवार-शुक्रवार तक अंतिम रूप देने की तैयारी है.
इसे भी पढ़ें : सीरम इंस्टीट्यूट बनाएगा रूस की स्पूतनिक वी वैक्सीन, कंपनी ने DCGI से मांगी मंजूरी
एक महीने का है टारगेट
प्राप्त सूचना के अनुसार श्रम नियोजन विभाग ने ग्रामीण विकास विभाग को 16 करोड़ रुपये आवंटित कर दिये हैं. इस राशि से राज्यभर की लगभग 4400 पंचायतों में 4000 सेंटर खोले जाने की तैयारी है. दीदी किचन का संचालन एसएचजी के दीदियों के हाथों में होगा. तकरीबन 30,000 दीदीयां इसमें हाथ बंटायेंगी. दो टाइम का पौष्टिक खाना पकाकर इसे कोविड सेंटर, क्वारंटाइन सेंटर के अलावा गरीब, असहाय, लाचार लोगों तक इसे पहुंचाया जायेगा. फिलहाल इस सेवा को एक महीने के लिये चलाया जायेगा.
4 करोड़ से ज्यादा परोसी गयी थी थालियां
गौरतलब है कि पिछले साल शुरू हुए कोरोना संकट और बाहर से लौटे प्रवासियों के बाद राज्यभर में सीएम दीदी किचन सेवा शुरू की गयी थी. लॉकडाउन अवधि में इससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली थी. 4 करोड़ से अधिक थाली परोसी गयी थी. 6900 से अधिक दीदी किचन के माध्यम से ग्रामीणों को भूख की समस्या से निजात पाने में मदद मिली थी. इसके अलावा थानों के माध्यम से भी लोगों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराये जाने की व्यवस्था की गयी थी. एक बार लोगों की डिमांड को देखते राज्य सरकार ने दीदी किचन सेवा के लिये पहल की है.
इसे भी पढ़ें :इजरायल के वैज्ञानिकों ने किया कमाल, अब 120 साल तक जिंदा रह सकेगा इन्सान




