NationalTop Story

#KartarpurCorridor:  ऐतिहासिक करतारपुर गलियारे का आज पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन, पहले जत्थे को करेंगे रवाना

Kartarpur(Pakistan)/NewDelhi: पिछले सत्तर वर्षों से भारतीय सिखों का इंतजार आज यानी 9 नवंबर को पूरा हो रहा है. श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को करतारपुर कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे.


भारत और पाकिस्तान कश्मीर को लेकर द्विपक्षीय संबंधों में बढ़े तनाव के बीच एक ऐतिहासिक पहल करते हुए शनिवार को करतारपुर गलियारा खोला जा रहा है, जिसके कारण भारतीय श्रद्धालु पाकिस्तान के नारोवल में करतारपुर में गुरुद्वारा दरबार साहिब के दर्शन कर पाएंगे.

इसे भी पढ़ेंः#AyodhyaHearing: कुछ ही देर में SC का ऐतिहासिक फैसला, अयोध्या समेत पूरे यूपी में धारा 144 लागू

यह कॉरिडोर भारत के गुरदासपुर में बाबा नानक गुरुद्वारे को पाकिस्तान के करतारपुर स्थित दरबार साहिब से जोड़ेगा. यहां गुरु नानक देव ने अपने जीवन के अंतिम वर्ष बिताए थे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को करतारपुर साहिब गुरुद्वारे के लिए रवाना करेंगे तो वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान इनका स्वागत करेंगे.

बेर साहिब गुरुद्वारा में पीएम ने टेका मत्था

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करतारपुर कॉरिडोर के उद्धाटन के लिए सुल्तानपुर लोधी पहुंच चुके है. पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पीएम मोदी का स्वागत किया. प्रधानमंत्री मोदी डेरा बाबा नानक गुरदासपुर में करतारपुर कॉरिडोर के लिए इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट का उद्घाटन करेंगे. इससे पहले पीएम ने बेर साहिब गुरूद्वारा ने मत्था टेका.

इसे भी पढ़ेंः#AyodhyaVerdict: अयोध्या पर आनेवाले फैसले को लेकर झारखंड में अलर्ट, मुख्य सचिव दस बजे करेंगे समीक्षा

पहले जत्थे में पूर्व पीएम मनमोहन सिंह भी शामिल

गुरुद्वारा दरबार साहिब जाने वाले 500 से अधिक भारतीय तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को प्रधानमंत्री हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.

प्रधानमंत्री मोदी इस अवसर पर यात्री टर्मिनल भवन का भी उद्घाटन करेंगे जिसे एकीकृत जांच चौकी (आईसीपी) भी कहा जाएगा. करतारपुर जानेवाले पहले जत्थे में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, अकाल तख्त के जत्थेदार हरप्रीत सिंह, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, सुखबीर सिंह बादल, केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल तथा नवजोत सिंह सिद्धू शामिल हैं.

70 सालों का इंतजार खत्म

गुरुद्वारा करतारपुर साहिब पाकिस्तान की रावी नदी के पास स्थित है और पंजाब के गुरदासपुर जिले में डेरा बाबा नानक गुरुद्वारे से करीब चार किलोमीटर दूर है.

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान पाकिस्तानी सीमा में कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे जबकि उनके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत की सीमा में कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे.

यह गलियारा ऐसे समय में खोला जा रहा है जब पूर्ववर्ती जम्मू-कश्मीर राज्य का विशेष दर्जा हटाने और उसे दो केंद्रशासित प्रदेशों में विभाजित करने के भारत के फैसले के बाद से दोनों पड़ोसी देशों के तनाव बहुत बढ़ गया है.

गुरदासपुर के एक सिख मंजीत सिंह ने कहा, ‘‘यह हमारे लिए यादगार क्षण है. हम बहुत खुश हैं. कॉरिडोर बहुत पहले ही बन जाना चाहिए था.’’

पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने शुक्रवार को भारतीय पत्रकारों से बात करते हुए पंजाब के डेरा बाबा नानक स्थल और पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के नारोवाल जिले के करतारपुर में गुरुद्वारा दरबार साहिब को जोड़ने वाले इस गलियारे के शनिवार होने वाले उद्घाटन को ‘ ऐतिहासिक’ करार दिया.

इसे भी पढ़ेंः#JharkhandElection 2014 में राष्ट्रीय पार्टियों को 45.27%, क्षेत्रीय दलों को 37.22% और निर्दलियों को मिले थे 6.69% वोट

Related Articles

Back to top button