
New Delhi: देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या गुरुवार को एक लाख 18 हजार को पार कर गयी. पिछले 24 घंटे में 6088 नये केस सामने आये हैं और 148 लोगों की जान चली गयी है. वायरस संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 3538 हो गया है.
इसे भी पढ़ेंःबिहार: कोरोना वायरस के 211 मामले, 2 हजार के करीब पहुंचा आंकड़ा
इसमें से आधे मामले पिछले एक पखवाड़े में सामने आये हैं जब से विशेष ट्रेनों के जरिये विभिन्न जगहों पर फंसे हुए लोगों की आवाजाही शुरू हुई है और विदेशों में फंसे लोगों को विशेष विमान से यहां लाना शुरू किया गया है. वहीं सरकार का कहना है कहा कि दुनिया की औसत मृत्यु दर 6.65 प्रतिशत की तुलना में भारत में यह दर आधे से भी कम है.
संक्रमण से दुनिया का 11वां सबसे अधिक प्रभावित देश भारत
इस घातक वायरस के कारण देश भर में मरने वालों की संख्या 3500 से ज्यादा है. इस वायरस के कारण मृत्यु दर करीब तीन फीसदी है. देश में करीब 47 हजार से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं.
अब तक करीब 15 अन्य देशों में कोरोना वायरस के कारण भारत से अधिक मौत हुई हैं. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बयान जारी करके कहा कि संक्रमण की समय से पहचान, उचित क्लीनिकल प्रबंधन की मदद से भारत में मृत्यु दर कम रखने में मदद मिली है .
हालांकि, देश में ऐसे मरीजों की संख्या 66 हजार से अधिक है जिनका इलाज चल रहा है और भारत इस लिहाज से दुनिया में पांचवें स्थान पर है. अमेरिका, रूस, ब्राजील और फ्रांस ऐसे मुल्क हैं जहां भारत से अधिक मरीजों का इलाज चल रहा है .
कोरोना वायरस संक्रमण के मामले में भारत आंकड़ों के हिसाब से दुनिया का 11वां सर्वाधिक प्रभावित देश है. दस सबसे अधिक प्रभावित देशों में से कुछ में सक्रिय मामलों (ऐसे मरीजों के मामले जिनका अभी इलाज चल रहा है) की संख्या भारत से कम है, जिसमें स्पेन, इटली, जर्मनी, तुर्की एवं ईरान शामिल हैं.
इसे भी पढ़ेंः#FightAgainstCorona : झारखंड में सिर्फ 7 दिन में बढ़ गये 100 कोरोना पॉजिटिव, पहले एक सौ में लगे थे 29 दिन
एक लाख 18 हजार से ज्यादा बीमार
स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक कोविड—19 के कारण मरने वालों की संख्या बढ़ कर 3538 हो गयी है जबकि संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ कर एक लाख 18 हजार 447 हो गयी है.
Spike of 6088 #COVID19 cases and 148 deaths in last 24 hours. https://t.co/r9eSU77JqF
— ANI (@ANI) May 22, 2020
पिछले 24 घंटे में 6088 नये केस सामने आये हैं और 148 लोगों की जान चली गयी है. बीमार में से 48553 का इलाज हुआ है और वो स्वस्थ हो चुके हैं. फिलहाल देश में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 66330 है.
15 दिनों में सामने आये 56 हजार से ज्यादा केस
देश में जो कुल संक्रमित मामले सामने आये हैं, उनमें से करीब आधे मामले आठ मई के बाद सामने आये हैं. आठ मई को स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया था कि देश में संक्रमित मरीजों की संख्या 56 हजार 342 है.
भारत में कोरोना वायरस के संक्रमण का पहला मामला 30 जनवरी को सामने आया था. इसके बाद 29 मार्च को एक हजार का आंकड़ा हुआ. 13 अप्रैल को कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या देश में दस हजार के पार पहुंच गयी. छह मई को यह आंकड़ा 50 हजार को पार कर गया और एक लाख का आंकड़ा पहुंचने में दो हफ्ते से कम का वक्त लगा और 18 मई को एक लाख हो गया.
इस घातक वायरस के चीन में पनपने के बाद से पूरी दुनिया में 50 लाख से अधिक लोग कोरोना वायरस संक्रमण से संक्रमित हैं जबकि दिसंबर से अबतक इस वायरस के कारण करीब 3.3 लाख लोगों की मौत हो चुकी है और अबतक 19 लाख से अधिक लोग ठीक हुये हैं.
भारत में अधिकारियों ने कहा है कि देश में कोरोना वायरस के संक्रमण की संख्या 100 से एक लाख होने में 64 दिन का समय लगा जो बहुत से देशों से बेहतर है. अमेरिका एवं स्पेन को इस आंकड़े तक पहुंचने में भारत की अपेक्षा आधा समय लगा था.
इसे भी पढ़ेंः#Lockdown के दौरान रांची पुलिस ने काटे 5.21 करोड़ से अधिक के चालान




