
JAMSHEDPUR: कोरोना काल में बंद पड़ा जुबली पॉर्क आज स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता की पहल पर कुछ जरूरी दिशा निर्देशों के साथ खोल दिया गया.मौके पर उपायुक्त सूरज कुमार, जुस्को के कैप्टन धनंजय मिश्रा, मेजर डांगा, सुकन्या दास, मॉर्निंग वॉकर्स ग्रुप के मुन्ना अग्रवाल, शिव शंकर सिंह समेत मॉर्निंग वॉकर्स समेत अन्य मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें : चिंता की बातः देश में दो दिनों से बढ़ने लगा है कोरोना के मामले, 24 घंटे में 41,806 संक्रमित मिले
बन्ना गुप्ता ने बताया कि उनकी प्राथमिकता है कि जमशेदपुर शहर को देश के बेस्ट शहर के रूप में जाना जाए. इसके लिए वे लगातार प्रयास कर रहे हैं. इसी क्रम में लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी स्वास्थ्य मंत्री होने के नाते उनकी है. जुस्को के सहयोग से पार्क में ही ओपन जिम, योगशिविर, साइकिलिंग और स्केटिंग की व्यवस्था की जा रही है. इससे लोगों को विशेष तौर पर सुविधा मिल सकेगी.
मॉर्निंग वॉकर्स क्लब ने जताया आभार
पार्क खोलने के लिए जब मंत्री बन्ना गुप्ता पहुंचे तो वहाँ मॉर्निंग वॉकर्स ग्रुप के लोग पहले से ही उनका इंतजार कर रहे थे. उन्होंने पौधा देकर बन्ना गुप्ता का स्वागत किया. पार्क खुलवाने के लिए उनको धन्यवाद दिया.
विशेष दिशा निर्देश का पालन
पार्क सिर्फ मॉर्निंग वॉक और इवनिंग वॉक के लिए खोला गया है. इसके 2 गेट खोले जाएंगे. पार्क प्रत्येक दिन सुबह 5 बजे से 9 बजे तक और फिर शाम को 4 बजे से 7 बजे तक खुला रहेगा. पार्क में जाने के लिए या तो डिजिटल आईडी कार्ड या फिर आईडी कार्ड साथ रखना होगा. बिना पहचान पत्र के घुसने की अनुमति नहीं मिलेगी. एंट्री के लिए पहचान पत्र दिखा कर कैमरे के सामने नाम बताना होगा.
मंत्री ने सूरज कुमार और जुस्को के धनंजय मिश्रा को निर्देश दिया कि मॉर्निंग वॉकर्स ग्रुप की एक कमेटी बनाने की पहल करें. उनको साथ लेकर आपसी सामंजस्य स्थापित करते हुए पार्क और जमशेदपुर की तरक्की के लिए कार्य करें, इसमें वे हर संभव मदद करने का प्रयास करेंगे.




