
Ranchi : रविवार की दोपहर बाद हुई वर्ता में जेपीएससी सचिव और परीक्षा नियंत्रक से मिले आश्वासन के बाद अभ्यर्थी सर्कुलर रोड स्थित जेपीएससी कार्यालय के बाहर ही आयोग के फैसले का इंतजार कर रहे थे. इंतजार करते-करते शाम हुई और फिर रात भी हो गयी, लेकिन छठी जेपीएससी मुख्य परीक्षा के स्थगन को लेकर आयोग की तरफ से कोई फैसला नहीं लिया जा सका. फिर भी अभ्यर्थी इंतजार में हैं कि आयोग उनकी मांगों पर अपने फैसले से उन्हें अवगत कराये, क्योंकि जेपीएससी सचिव और परीक्षा नियंत्रक ने वार्ता में आश्वासन दिया था कि थोड़ी ही देर में फैसला सुना दिया जायेगा. फैसले के इंतजार ने जब शाम की दहलीज लांघकर रात में कदम रखा, तो शांतिपूर्वक इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के सब्र का बांध टूटने लगा. अभ्यर्थियों ने जेपीएससी के खिलाफ विरोध जताना शुरू कर दिया. विरोध का उनका तरीका भी हटकर नजर आया. जेपीएससी कार्यालय के बाहर ही हाथों में कैंडल लेकर अभ्यर्थी कतारबद्ध तरीके से खड़े हो गये और राष्ट्रगान गाना शुरू कर दिया. विरोध के इस अनूठे अंदाज के साथ अभ्यर्थियों जेपीएससी के खिलाफ अपना रोष प्रकट किया.

लगे भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे
हाथों में कैंडल लिये राष्ट्रगान गाकर अपना विरोध प्रकट कर रहे अभ्यर्थियों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे भी लगाये. इसके अलावा अभ्यर्थी महात्मा गांधी की तस्वीर लगाकर महात्मा गांधी की जय, बिरसा मुंडा अमर रहे, सिदो-कान्हू अमर रहे के नारा लगा रहे हैं. अभ्यर्थियों का आक्रोश लगतार बढ़ता जा रहा है. मुख्य परीक्षा स्थगन पर फैसला नहीं लिये जाने को लेकर जेपीएससी के प्रति अभ्यर्थियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है. उधर, जेपीएससी की ओर से अभ्यर्थियों की मांगों पर अभी तक कोई फैसला नहीं लिया गया है, जबकि रविवार की दोपहर बाद ही हुई वार्ता में आयोग के सचिव और परीक्षा नियंत्रक ने आश्वासन दिया था कि वे मांगों को लेकर जेपीएससी के प्रभारी अध्यक्ष श्री चट्टोराज से बात करेंगे और थोड़ी ही देर में आयोग का फैसले से अवगत करा दिया जायेगा.
इसे भी पढ़ें- जेपीएससी मुख्य परीक्षा के दौरान हंगामा और उपद्रव करनेवालों को बख्शा नहीं जायेगा : एसएसपी




