
Ranchi: सीएम हेमंत सोरेन से ईडी कार्यालय में पिछले दो घंटे से अधिक समय से ईडी अधिकारियों की पूछताछ जारी है. इस बीच सीएम हेमंत सोरेन का हौसला बढ़ाने उनके समर्थकों का राजधानी रांची और ईडी कार्यालय के बाहर जुटने का सिलसिला जारी है. ईडी की पूछताछ के दौरान बाहर जुटे समर्थकों में रांची का रातु निवासी सतीश खलको लोगों के कौतूहल का कारण बन रहा है. हेमंत सोरेन की तस्वीर अपने शरीर पर पेंट कराकर पहुंचे सतीश खलको पेशे से रंगकर्मी हैं और अपने आय के लिए इस तरह से शरीर पर पेंट कराकर हौसला बढ़ाने के लिए जाने जाते हैं. हेमंत सोरेन के प्रति अपनी दीवानगी को बताते हुए सतीश का कहना है कि वह सीएम हेमंत सोरेन से ईडी की पूछताछ को लेकर आहत हैं. जब सीएम हेमंत यहां के मूलवासियों और आदिवासियों के लिए बेहतर काम कर रहे हैं तो जानबूझ कर उन्हें परेशान करने की साजिश रची जा रही है. पूरे झारखंड की जनता उनके साथ खड़ी है. जेएमएम पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं का समर्थन हेमंत सोरेन के साथ है.
गुरूवार की सुबह कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास के आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे. सुबह करीब 9.30 बजे से ही विधायकों का आना जारी हो गया. सबसे पहले विजय हांसदा मुख्यमंत्री आवास पहुंचे. उसके तुरंत बाद विधायक इरफान अंसारी, राजेश कच्छप व नमन विक्सल कोंगाड़ी भी पहुंचे. इसके बाद शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो और मिथिलेश ठाकुर अपने समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री आवास पहुंच चुके थे. मोरहाबादी मैदान में भी कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा. जो मुख्यमंत्री आवास पहुंचने लगा. झामुमो समर्थकों ने इसे जनाक्रोश रैली का नाम दे दिया. पूरे झारखंड से झामुमो समर्थकों का हुजूम मोरहाबादी पहुंच चुका था. सारे कार्यकर्ता लगातार हेमंत सोरेन जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे. नेताओं का कहना था कि केंद्र सरकार हेमंत सोरेन को परेशान करने की साजिश रची जा रही है. विधायक व सांसद का काफिला इडी कार्यालय तक गया. वहीं, दूसरी ओर मोरहाबादी मैदान में अस्थायी मंच बनाकर सभा का आयोजन किया गया. नेताओं विपक्ष पर जम कर हमला बोला. नेताओं ने कहा कि यह सारा कुछ भाजपा का किया धरा है. हेमंत सोरेन को कुछ नहीं होने वाला है.
इसे भी पढ़ें: निकाय चुनावः अब रांची नगर निगम के मेयर सीट पर दिखेगा एससी चेहरा, जानें बाकी निगमों में किसके लिए क्या हुआ है फैसला





