
Ranchi: योजना एवं विकास विभाग ने इस वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में किए गये विकास कार्यों पर रिपोर्ट सभी विभागों से मांगा है. सड़क, भवन,पुल निर्माण सहित अन्य विकास के क्या-क्या कार्य हुए इसकी पूरी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है. आउटकम बजट का पूरा प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया है. विकास आयुक्त झारखंड इसी आलोक में प्रगति प्रतिवेदन की समीक्षा करेंगे.
इसी आलोक में नगर विकास विभाग ने वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए तैयार किए गये आउटकम बजट के प्रथम तिमाही का प्रगति प्रतिवेदन सभी नगर निकायों से मांगा है. इस संबंध में सभी नगर आयुक्त, उप नगरआयुक्त,अपर नगर आयुक्त, कार्यपालक पदाधिकारी,विशेष पदाधिकारी, उपाध्यक्ष आरआरडीए रांची, परियोजना निदेशक तकनीकी जुडको रांची को पत्र लिखा गया है. राज्य योजना के तहत शहरी जलापूर्ति,ठोस अपशिष्ट प्रबंधन,सीवरेज एवं ड्रेनेज नगरीय आधारभूत संरचना,आवासआदि शहरी योजनाएं, बाह्य संपोषित योजना,शहरी परिवहन,नागरिक सुविधा,क्षेत्रिय विकास पदाधिकार को भूमि अधिग्रहण, आधारभूत संरचना विकास,क्षमतावर्द्धन आदि व 15वें वित्त आयोग से अब तक क्या काम किए गये हैं इसकी जानकारी मांगी गयी है. आउटकम बजट के निर्धारित लक्ष्य के विरूद्ध उक्त योजनाओं के अंतर्गत वर्तमान वित्तीय वर्ष के प्रथम तिमाही में मिले प्रगति प्रतिवेदन की सारी जानकारी देने को कहा गया है.




