
Ranchi: माओवादियों का स्थापना दिवस सप्ताह 21 सितंबर से शुरू हो रहा है. आमतौर पर नक्सली इस सप्ताह में अपनी सक्रियता बढ़ाते हैं. जगह-जगह इस सप्ताह को मनाते हैं. इसे देखते हुए झारखंड पुलिस भी मुस्तैद है. स्थापना दिवस को ध्यान में रखते हुए झारखंड पुलिस ने अलर्ट जारी किया है.
इसे भी पढ़ेंःरांची सिविल कोर्ट में सुनील तिवारी ने दायर की जमानत याचिका, 23 सितंबर को होगी सुनवाई
मालूम हो कि 21 सितंबर 2004 को नक्सली संगठन सीपीआई एमएल, पीपुल्स वार ग्रुप व एमसीसीआई का विलय हुआ था. तीनों माओवादी संगठनों ने मिलकर भाकपा माओवादी नामक नए माओवादी संगठन की स्थापना की थी. इसके बाद से ही माओवादी अपने संगठन का स्थापना दिवस मनाते आ रहे हैं. इसके लिए वे अपने प्रभाव वाले इलाकों में एक हफ्ते से जगह-जगह पर्चे व बैनर टांगकर स्थापना दिवस मनाने की बात कह रहे हैं. स्थापना दिवस के मौके पर बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में रहते हैं.
इसे भी पढ़ेंःगुमला में जंगल से इनामी नक्सली राकेश उरांव गिरफ्तार
नक्सलियों के स्थापना दिवस सप्ताह (21 से 28 सितंबर) को लेकर झारखंड पुलिस मुख्यालय ने प्रभावित जिलों को अलर्ट किया है. साथ ही, रेलवे को भी सतर्क रहने को कहा गया है. मुख्यालय के अनुसार इस दौरान नक्सली हिंसक घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं. ऐसे में पुलिस को सतर्क और जरूरी कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया है.




