
Ranchi: मोरहाबादी (रांची) स्थित झारखंड ओलंपिक संघ के कार्यालय में रविवार को इंटरनेशनल ओलंपिक डे सेलिब्रेशन आयोजित किया गया. मौके पर 150 से अधिक खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया. इनमें फेंसिंग, आर्चरी, कराटे, रग्बी, भारोत्तोलन, वुशु, कुश्ती, एथलेटिक्स, ताइक्वांडो, साइक्लिंग, फुटबॉल और हॉकी के ऐसे खिलाड़ी शामिल थे जिन्होंने हाल फिलहाल अपने अपने खेल में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया. खिलाड़ियों के अलावा इन खेलों में सराहनीय योगदान के लिए कोचों को भी सम्मानित किया गया. मौके पर झारखंड ओलंपिक संघ के मधुकांत पाठक ने कहा कि खेल खिलाड़ियों के मामले में झारखंड के पास बेहतरीन संभावनाएं रही हैं. इस प्रोग्राम के जरिये राज्य के सभी खेल संघों को एकजुट होने में भी मदद मिलेगी. खेल संघों के एक साथ आने से राज्य में खेल संस्कृति और समृद्ध होगी. खिलाड़ियों के हित में भी और भी प्रभावी कदम उठाए जा सकेंगे. मौके पर जेओए के केडी सिंह, शिवेंद्र दुबे, शशांक, हॉकी झारखंड के प्रमुख भोला नाथ सिंह, विजय शंकर सिंह, रजनीश कुमार, जेएसएलपीएस के मुकुल टोप्पो सहित कई अन्य भी उपस्थित थे.
इनका भी हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान ऑन एयर आयोजित किये गए क्विज प्रतियोगिता के बीस प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया. इसके अलावा ड्राइंग प्रतियोगिता के विभिन्न आयु वर्ग के विजयी प्रतिभागियों को भी पुरस्कार दिया गया.
इसे भी पढ़ें : मांडर में मतगणना : नेहा की बड़ी बढ़त, गंगोत्री को 11,245 मतों से पीछे छोड़ा




