
Ranchi : झारखंड सरकार ने राज्यभर में तीन महत्वपूर्ण ट्रांसमिशन लाइन बिछाने के लिए अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है. इससे खूंटी से तमाड़ के 132 केवीए ट्रांसमिशन लाइन के अलावा गोविंदपुर से दुमका और हटिया से नामकुम तक के 200 केवीए क्षमता का ट्रांसमिशन लाइन के लिए मार्ग प्रशस्त हो गया है. वन पर्यावरण और पारिस्थितिकी विभाग की ओर से एक वर्ष के लिए ट्रांसमिशन लाइन बिछाने की अनुमति झारखंड ऊर्जा संचरण निगम लिमिटेड को दी गयी है. इसके बनने से सात जिलों में बिजली की स्थिति और सुदृढ़ होगी.
इसे भी पढ़ें – गिरिडीह : सुरक्षा प्रभारी की तलाश सातवें दिन भी जारी, NDRF ने कहा- चानक में है जहरीली गैस
बंजर भूमि विकास बोर्ड की तरफ से मिली है अनुमति
जानकारी के अनुसार, बंजर भूमि विकास बोर्ड के विशेष कार्य पदाधिकारी सुनील कुमार ने तीनों ट्रांसमिशन लाइन को लेकर मई 2019 में अपनी स्वीकृति प्रदान की है. इसमें कहा गया है कि वन भूमि में इस ट्रांसमिशन लाइन की स्थापना से संबंधित कार्य किये जा सकेंगे. खूंटी-तमाड़ लाइन के लिए 6.71 हेक्टेयर, गोविंदपुर से दुमका तक के लिए 16.28 हेक्टेयर और हटिया-नामकुम लाइन के लिए पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड को 13.21 हेक्टेयर जमीन में काम करने की छूट दी गयी है.
बंजर भूमि विकास बोर्ड के विशेष कार्य पदाधिकारी ने इस संबंध में केंद्रीय वन और पर्यावरण मंत्रालय को भी सूचना दे दी है. इसमें सबसे बड़ा ट्रांसमिशन लाइन दुमका से गोविंदपुर तक का है. इससे दुमका, देवघर, जामताड़ा और धनबाद शहर में बिजली की स्थिति सुधरने की उम्मीद जतायी जा रही है.
इसे भी पढ़ें – CNT उल्लंघन मामले में कल्पना सोरेन और जमीन बेचने वाले राजू उरांव को नोटिस




