Jharkhand Vidhansabha Election

जेपी नड्डा से कार्यकर्ता ने कहा- JMM करता है ब्लॉक लेवल तक की राजनीति, हमारी पकड़ सिर्फ जिले तक

Abinash Mishra

Jamshedpur: जमशेदपुर की चार विधानसभा सीटों पर चर्चा के लिए रविवार को भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यहां कोर कमेटी की बैठक की. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इसमें कार्यकर्ताओं ने जेएमएम की जमीनी पकड़ को भाजपा से बेहतर स्थिति में बताया.

बताया जाता है कि बैठक में नड्डा ने अपने संक्षिप्त भाषण के बाद कार्यकर्ताओं से सवाल करने को कहा. इसपर पार्टी के एक वरिष्ठ सदस्य ने कहा, “हमलोग अभी भी ब्लॉक लेवल की राजनीति नहीं कर रहे हैं. कुछ भी होता है तो हम सीधा डीसी कार्यालय में धरना देते हैं और उनसे कहते हैं- फलां बीडीओ के चलते काम नहीं हो रहा है, जबकि हम उस बीडीओ को जानते तक नहीं सर. वहीं जेएमएम ब्लॉक में भी धरना देता है और डीसी कार्यालय में भी.”

जेपी नड्डा ने इस विषय पर कहा, “देखिये हम लोग जिस ब्लॉक में कमजोर हैं वहां तो हमें काम करना होगा ही, लेकिन जहां तक वोट की बात है तो हम जहां कमजोर है वहां से भी कम से कम 50 परसेंट वोट मिले इसका प्रयास करना होगा. वोटिंग के दिन भी हर बूथ पर हमारे कार्यकर्ता की मौजूदगी जरूरी है. ज्यादा से ज्यादा लोगों को वोट करें और हर गतिविधि का ध्यान भी रखें.”

इसे भी पढ़ें : #Saraikela: पुलिस ने ग्रामीण को ही मार कर कहीं नक्सली तो नहीं बता दिया था! अब कर रही है जांच

बैठक में क्या-क्या बात हुई?

मीटिंग चार बजे शाम से शुरू हुई. घंटे भर चली इस बैठक में 50 के आसपास लोगों ने हिस्सा लिया. बैठक शुरू होते ही हॉल को सील कर दिया गया और बाहर सुरक्षी बल तैनात कर दिये गये थे.

जेपी नड्डा ने क्या बातें की, जानिये उसके कुछ अंश:  

जेपी नड्डा – क्या हाल हैं?

कार्यकर्ता (एक स्वर में) – ठीक है

जेपी नड्डा – कैसी तैयारी है, क्या चारो विधानसभा जीत रहे हैं?

कार्यकर्ता – तैयारी अच्छी है… एकदम जीतेंगे.

जेपी नड़डा ( हंसते हुए) – पूर्वी जमेशदपुर भी जीतेंगे न?

सभी कार्यकर्ता (जोश में) – एकदम जीत रहे हैं सर.

जेपी नड्डा – लेकिन मीडिया कांटे की टक्कर बता रहा है?

यहां उत्तर देने में जोश कम हो गया. दो-तीन तरह की राय सामने आने लगी. कुछ ने कहा- काटें की टक्कर है. कुछ ने कहा- कोई टक्कर नहीं है.

जेपी नड्डा ने एक कार्यकर्ता को इस पर बोलने का मौका दिया. उनसे पूछा- क्या हवा है पूर्वी में?

कार्यकर्ता ने कहा- कांटे की टक्कर है जरूर, लेकिन भाजपा काफी मजबूत है और सीएम को पूर्वी से कोई नहीं हरा सकता. सरयू राय घूम जरूर रहे हैं लेकिन वोट हमारे पक्ष में ही गिरेगा सर.

इसे भी पढ़ें : राजधानी से 100 किलोमीटर के रेडियस में सिमटा रहा झारखंड पर्यटन का 90% विकास

65 प्लस का टारगेट पाना है तो…

इस तरह की चर्चा के बाद नड्डा ने एक छोटा सा भाषण दिया जो हिदायतों, सलाहों और सावधानियों से भरा था. भाषण मे जेपी नड्डा ने कहा कि कोल्हान में हमें पैठ बनाने में कामयाबी मिली है, लिहाजा इस बार कोल्हान से और ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य है.

65 प्लस का टारगेट अगर पाना है तो जमशेदपुर की दोनों सीटें और सरायकेल-करसावा सीट पर जीतना ही है. अब आप लोग को और जोश के साथ कमा करना होगा. आपलोगों को बूथ और प्रखंड लेवल पर मैनेज करने की जरूरत है. समय भी अब उसी का है.

3 दिसंबर को नरेंद्र मोदी जी आ रहे हैं लिहाजा ये भी सुनिश्चित कर लिया जाये कि ज्यादा से ज्यादा लोग गोपाल मैदान पहुंचें.

नड्डा ने कहा कि चुनाव का समय है तो भाजपा के लोगों को अनुशासन का भी ख्याल रखना होगा. सोमवार को अमित शाह के आने को लेकर भी जेपी नड्डा ने हिदायत देते हुए कहा कि जिसे भी बैठक में हिस्सा लेने के लिए कहा गया है वो पूरी तैयारी के साथ बैठक में पहुंचें. अमित शाह सवाल भी पूछते हैं, लिहाजा सभी के पास अपने इलाके की हर चीज की डीटेल जानकारी होना जरूरी है.

इसे भी पढ़ें : सरायकेला: पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में मारा गया रघुनाथ मुंडा कौन है… नक्सली या आम आदमी!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button