
Ranchi: झारखंड वासियों के लिये यह राहत वाली खबर है. सोमवार को 24 घंटे में राज्य के 22 जिलों में एक भी कोरोना संक्रमित नहीं मिला है. रांची व पूर्वी सिंहभूम जिले में छह संक्रमित मिले हैं. इनमें रांची में पांच व पूर्वी सिंहभूम में एक संक्रमित मिले हैं. इसके साथ ही राज्य में कुल कोरना संक्रमितों की संख्या बढकर 348079 हो गई है. इधर, अच्छी बात यह भी है कि राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या में कमी आई है.
इसे भी पढ़ेंःCM हेमंत को भोजपुरी, मगही से झारखंड के बिहारीकरण का डर, भाजपा ने कहा-पूरे समाज को अपमानित करने पर लगी सरकार
सक्रिय मरीजों की बात करें तो मंगलवार सुबह तक राज्य में 117 सक्रिय मरीज बचे हैं. इनमें सबसे अधिक 74 राजधानी रांची में हैं. इसके अलावा धनबाद व पूर्वी सिंहभूम में नौ-नौ हैं. राज्य के अन्य जिलों में या तो सक्रिय मरीज नहीं हैं या फिर बहुत ही कम संख्या में है. राज्य के नौ जिलों में एक भी सक्रिय मरीज नहीं है. इन जिलों में दुमका, गढ़वा, गिरिडीह, गोड्डा, गुमला, कोडरमा, पलामू, पाकुड़ व सिमडेगा शामिल हैं.
इसे भी पढ़ेंःटीशर्ट-टॉफी-चॉकलेट घोटाला (2): 1000 किमी की स्पीड से दौड़ा था टी-शर्ट लानेवाला ट्रक!
इधर, राज्य में कोरोना से स्वस्थ होने वालों की संख्या में भी तेजी से इजाफा हो रहा है. राज्य में अब तक स्वस्थ होने वालों की संख्या 342829 हो गई है. सोमवार को 24 घंटे में 16 मरीजों ने कोरोना को मात दी है. अच्छी बात यह भी है कि राज्य में कोरोना से मौत रूक गई है. सितंबर माह में एक मात्र मौत धनबाद में हुई है. राज्य में अब तक 5133 लोगों की जान कोरोना की वजह से जा चुकी है.
इधर, राज्य में वैक्सीनेशन भी तेज गति से जारी है. राज्य में वैक्सीनेटेड लोगों की संख्या डेढ़ करोड़ के करीब पहुंच चुकी है. इनमें 1.16 करोड़ लोग पहली डोज ले चुके हैं और दोनों डोज लेने वालों की संख्या 31.66 लाख पहुंच चुकी है.




