
Ranchi : फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इन्डस्ट्रीज की 57वीं वार्षिक आमसभा चेंबर भवन में हुई. 95 सदस्यों की उपस्थिति में यह बैठक हुई. आमसभा को वर्च्युअल माध्यम से भी आयोजित किया गया था. इसमें प्रदेश के प्रायः सभी जिलों के चेंबर ऑफ कॉमर्स, सम्बद्ध संस्थाओं के पदाधिकारियों के साथ-साथ जिले के व्यवसायी-उद्यमी एवं प्रोफेशनल्स जुड़े थे. मौके पर महासचिव राहुल मारू ने चेंबर के इस सत्र की वार्षिक गतिविधियों को प्रस्तुत किया. इसे सदस्यों ने अनुमोदित कर दिया.
कोषाध्यक्ष परेश गट्टानी ने चेंबर के सत्र 2020-21 की बैलेंस शीट और आय-व्यय की रिपोर्ट प्रस्तुत की. सर्वसम्मति से चेंबर के ऑडिटर की नियुक्ति की गयी.
इस दौरान मेसर्स जेएन अग्रवाल एंड कंपनी को पुनः एक वर्ष के लिए चेंबर का ऑडिटर नियुक्त किया गया. वर्चुअल तरीके से जुड़े सांसद महेश पोद्दार ने वर्तमान कार्यकारिणी समिति के सकारात्मक रोल के लिए उसकी सराहना की.
इसे भी पढ़ें :UNGA में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा , हमारी विविधता, हमारे सशक्त लोकतंत्र की पहचान है.., देखें VIDEO
विभागीय उदासीनता के कारण चुनौतियां बरकरार
चेंबर अध्यक्ष प्रवीण जैन छाबड़ा ने अपने अध्यक्षीय कार्यकाल में मिले सहयोग के लिए प्रदेश के व्यापार एवं उद्योग जगत को धन्यवाद दिया. कहा कि कोविड की दूसरी लहर के कारण सभी जिलों में दौरा करने की योजना को मूर्तरूप नहीं दिया जा सका.
बावजूद इसके इस दौरान सभी जिलों के चेंबर ऑफ कॉमर्स से परस्पर समन्वय बनाकर स्टेकहोल्डर्स की समस्याओं का निष्पादन कराया गया. रिसोर्स बेस्ड इकॉनोमी होने के बावजूद 21 वर्षों में झारखण्ड में औद्योगिकीकरण की रफ्तार काफी धीमी है. इसका मुख्य कारण विभागीय उदासीनता रही है.
इसे भी पढ़ें :BIG NEWS : kingfisher बीयर बनानेवाली UB और कार्ल्सबर्ग सहित कई कंपनियों पर ₹900 करोड़ जुर्माना, जानें वजह
सही मायने में यदि सरकार राज्य में औद्योगिकीकरण के लिए इच्छुक हो तब स्थानीय स्टेकहोल्डर्स से नियमित संवाद की परंपरा को विकसित करे. पॉलिसी मेकिंग निर्णयों में राज्य के स्टेकहोल्डर्स की सहभागिता हो, इसे सुनिश्चित कराने का उन्होंने भरपूर प्रयास किया.
सुखद है कि राज्य सरकार ने इस सत्र के दौरान औद्योगिक नीति एवं इथेनॉल पॉलिसी पर फेडरेशन से सुझाव आमंत्रित किये हैं.
उपलब्धियों से परे कुछ कार्य जो पूर्ण होने शेष हैं, उन कार्यों को नई कार्यकारिणी समिति पूरा करेगी, इसका उन्हें विश्वास है. सभा में उपस्थित सभी सदस्यों ने चेंबर अध्यक्ष के अध्यक्षीय कार्यकाल की प्रशंसा की.
इसे भी पढ़ें :BIG NEWS : कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने BJP सांसद को लात-घूसों से पीटा, कपड़े भी फाड़े, देखें VIDEO
तीन दिनों तक होंगे चुनाव
चुनाव पदाधिकारी ललित केडिया एवं अंचल किंगर ने संयुक्त रूप से चुनावी प्रक्रियाओं से अवगत कराया. बताया कि चेंबर भवन में संपन्न होनेवाले तीन दिवसीय चुनाव में रविवार को वोटर क्रमांक संख्या 1 से 1400 तक मतदान होगा. इस दिन पेट्रोन, सम्बद्ध संस्था, कॉरपोरेट, साधारण सदस्य, रांची से बाहर के सदस्य तथा कुछ आजीवन सदस्य ही वोट देंगे.
सोमवार को वोटर क्रमांक संख्या 1401 से 2480 तक तथा मंगलवार को वोटर क्रमांक संख्या 2481 से 3480 तक वोट देंगे. जिस सदस्य का क्रमांक जिस दिन तय है, वे अपना वोट उसी दिन देंगे. मतगणना 28 सितंबर 2021 को ही चेंबर भवन में की जायेगी.
चेंबर में आयोजित आमसभा में चेंबर अध्यक्ष के अलावा उपाध्यक्ष धीरज तनेजा, किशोर मंत्री, सह सचिव राम बांगड, दीनदयाल बरनवाल सहित कार्यकारिणी सदस्य और अन्य भी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें :गिरिडीह : केन्द्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के अध्यक्षता में दो वर्ष बाद हुई दिशा की बैठक, स्वास्थ विभाग को निर्देश




