
Ranchi : कंप्यूटर ऑपरेटरों की स्थायी बहाली होने तक टेंपररी रूप से बहाल कंप्यूटर ऑपरेटर नहीं हटाये जाएंगे. मंत्री आलमगीर आलम ने सीपी सिंह के अल्पसूचित प्रश्न के जवाब में ये जानकारी दी. मंत्री आलमगीर आलम ने बताया कि जब स्थायी नियुक्ति की जाएगी वर्तमान में नियमित रूप से कार्यरत ऑपरेटरों को प्राथमिकता दी जाएगी.
इसपर प्रदीप यादव ने सदन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि जल संसाधन विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटरों को यह नोटिस देकर कहा गया है कि अब काम के लिये उनकी जरूरत नहीं है इसलिये वे नहीं आयें. इसपर मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि आप प्रमाण दे हम विभाग से बात करेंगे. सीपी सिंह ने स्थायी बहाली होने तक यथास्तिथि बनाये रखने की मांग की है.
टेंपररी को हटाकर टेंपररी बहाल नहीं किया जा सकता
प्रदीप यादव ने इस संबंध में अपनी बात रखते हुए बताया कि टेंपररी को हटाकर टेंपररी ऑपरेटरों को बहाल नहीं किया जा सकता. उन्हें तब हटाया जा सकता है जब स्थायी बहाली हो, वहां भी उन्हें प्राथमिकता देनी होगी. आउटसोर्सिंग के माध्यम से नई बहाली होने की बात कही जा रही है, उसका टेंडर भी निकाला गया है. इसपर मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि अभी तक आउटसोर्सिंग की कोई प्रक्रिया नहीं है, पता नहीं कहां से बात आपलोग तक पहुंचा है.




