Lead NewsNationalNEWSTOP SLIDER

रूस-यूक्रेन जंग : दूसरे दिन भी सुबह-सुबह धमाके, पहले दिन 203 हमले, 137 यूक्रेनियों की मौत  

New Delhi: यूक्रेन पर दूसरे दिन भी रूसी हमला जारी रहा. यूक्रेन की राजधानी कीव में शुक्रवार सुबह 3 धमाके सुने गए. यूक्रेन में अफरातफरी वाला माहौल बना हुआ है. लोग यूक्रेन छोड़कर भाग रहे हैं. इधर, यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्र भी सुरक्षा की गुहार लगा रहे हैं. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के पूरी सेना को युद्ध में उतारने का ऐलान किया है. यूक्रेने ने रूसी सेना के 30 टैंकों को ध्वस्त करने का दावा किया है. यूक्रेन सरकार ने 18 से 60 साल के पुरुषों के देश छोड़ने पर रोक लगा दी है.

दुनिया ने जंग लड़ने के लिए अकेला छोड़ दिया: जेलेंस्की

यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने शुक्रवार की सुबह बयान जारी कर कहा है कि दुनिया ने उन्हें जंग लड़ने के लिए अकेला छोड़ दिया है. उन्होंने कहा कि वह देश छोड़कर भागे नहीं हैं. यह भी जानकारी दी है कि रूसी सेना राजधानी कीव में दाखिल हो चुकी है. उन्होंने यह भी कहा कि इन रूसियों का पहला टारगेट वही हैं और दूसरा टारगेट उनकी फैमिली है.

 

137 यूक्रेनियों की गई जान, 169 घायल

24 घंटे की अब तक की जंग में 137 यूक्रेनियों की जान गई है और 169 लोग घायल हैं. इनमें यूक्रेनी सैनिक के साथ आमलोग भी शामिल हैं. राजधानी कीव समेत पूरे यूक्रेन से भारी तादाद में लोग वतन छोड़ रहे हैं. राजधानी कीव में गुरुवार को रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है. चश्मदीदों ने बताया कि रातभर धमाके और एयर रेड के सायरन सुनाई दिए। लोगों से लाइटें बंद करने और पर्दे लगाने को कहा गया. यूक्रेन के स्नेक आईलैंड पर रूस का कब्जा हो गया है। यूक्रेन की स्टेट बॉर्डर गार्ड सर्विस ने इस बात की पुष्टि की है. एयर स्ट्राइक में यहां की इमारतें तबाह हो गईं.

चार्नोबिल न्यूक्लियर प्लांट पर रूस का कब्जा

अमेरिका ने बताया कि रूस ने यूक्रेन पर 160 मिसाइलें दागी हैं। रूस ने कहा कि यूक्रेन पर पहले दिन 203 हमले किए गए. यूक्रेन के 83 लैंड बेस्ड टारगेट हिट किए. रूसी सेनाओं ने चेर्नोबिल न्यूक्लियर प्लांट पर कब्जा किया. कीव के नजदीक यूक्रेनी एयरबेस पर भी अब रूस का कब्जा है. रूसी एयरक्राफ्ट एंटनोव-26 यूक्रेन के करीब वोरोनेज इलाके में क्रैश हो गया. रूस ने कहा कि यह एयरक्राफ्ट इक्विपमेंट ट्रांसपोर्ट कर रहा था. एयरक्राफ्ट के क्रू मेंबर्स की मौत हो गई है। रूस ने यह नहीं बताया कि इनकी संख्या कितनी थी.

भारतीय छात्रों को पोलैंड के रास्ते निकालने का फैसला

भारत ने पोलैंड के रास्ते भारतीयों को निकालने का फैसला लिया है. इसके साथ ही यूक्रेन से एयरलिफ्ट भी किया जा सकता है. भारत ने यूक्रेन में फंसे लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है. कीव में तारस शेवचेनको यूनिवर्सिटी और कीव नेशनल यूनिवर्सिटी में भारतीय छात्र दहशत में हैं. भारतीय छात्र एक-दूसरे की हेल्पकर खुद भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं. कुछ स्टूडेंट्स को हॉस्टल में बने बंकर में सुरक्षित रखा गया है. यहां वे सब मार्शल(यूक्रेन के सैनिक) की सुरक्षा और निगरानी में है. फिलहाल स्टूडेंट सुरक्षित हैं. स्टूडेंट अपना सामान पैक कर चुके हैं। यहां यूनिवर्सिटी और एंबेसी की ओर से कहा गया है कि जरूरी डॉक्यूमेंट को साथ रखें. उन्हें वेस्टर्न एरिया में शिफ्ट किया जा रहा है. यह वो एरिया है जहां अभी युद्ध जैसे हालात नहीं हैं.

Related Articles

Back to top button