
Jamshedpur : लौहनगरी जमशेदपुर समेत आस-पास के क्षेत्रों में प्रचंड गर्मी ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है. उस पर तेनुघाट पावर प्लांट की एक यूनिट से बिजली उत्पादन ठप हो जाने के कारण शहर के गैर कंपनी इलाकों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में गंभीर बिजली संकट उत्पन्न हो गई है. जमशेदपुर के मानगो के अलावा बागबेड़ा, कीताडीह, परसुडीह, बारीगोड़ा, सरजामदा, राहरगोड़ा, सोपोडेरा, गदड़ा, गोविंदपुर समेत आस-पास के ग्रामिण इलाकों के लोग बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमराने से त्राहिमाम हैं.
इस पर विभागीय अधिकारी यही कह रहे हैं कि झारखंड स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर से डिमांड से कम बिजली मिलने की वजह से लोड शेडिंग कर रोटेशन से सभी इलकों में बिजली की आपूर्ति की जा रही है. बिजली संकट की स्थिति तो है, लेकिन डिमांड से कम बिजली इलाकों में आपूर्ति की जा रही है. हालांकि बिजली आपूर्ति व्यवस्था कब तक दुरुस्त हो पायेगी, इसे लेकर विभागीय अधिकारी स्पष्ट तौर पर कुछ कह नहीं पा रहे हैं. दूसरी ओर, बिजली विभाग का फोकस इस संकट को दूर करने से ज्यादा विभिन्न क्षेत्रों में दनादन छापेमारी कर राजस्व बढ़ाने पर है.
हर दिन छापेमारी की जा रही है. जबकि विद्युत उपभोक्ताओं को सही तरीके से बिजली आपूर्ति करने में विभाग पीछे जा रहा है. यह संकट कब तक रहेगी इसे लेकर कोई अधिकारी स्पष्ट तौर पर बता नहीं पा रहा है. इसे लेकर किस तरह से विभागीय अधिकारियों की टीम जोरशोर से अभियान चला रहे हैं उसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पिछले सप्ताहभर में बिजली चोरी के खिलाफ चार हजार से ज्यादा जगहों पर छापेमारी की गई. इस दौरान चार सौ से ज्यादा उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते पकड़ा गया. विभाग का यह छापेमारी अभियान वित्तीय वर्ष के अंतिम महीने मार्च से ही तेज हो गया है. पहले जहां हर महीने एक-दो बार बिजली चोरी के खिलाफ छापेमारी की जाती थी. मार्च महीने में तीन से चार बार विभिन्न जगहों पर छापेमारी की गई. विभाग के इस रवैये को लेकर लोग सवाल उठाने से नहीं चूक रहे हैं. उनका कहना है कि पहले बिजली व्यवस्था दुरुस्त कर लिया जाता, उसके बाद छापेमारी की जाती तो कुछ समझ में आता, लेकिन यहां विभाग का रवैया ठीक इसके उलट है. यह लोगों की समझ से परे साबित हो रहा है.
बिजली संकट का असर जलापूर्ति व्यवस्था पर पड़ा
इधर बिजली संकट का असर शहर के गैर कंपनी और ग्रामीण क्षेत्रों की जलापूर्ति व्यवस्था पर सीधे तौर पर पड़ा है. मानगो सहित जुगसलाई, बागबेड़ा, कीताडीह, परसुडीह, बारीगोड़ा, सरजामदा, राहरगोड़ा, सोपोडेरा, गदड़ा, गोविंदपुर समेत आस-पास के ग्रामीण इलाकों के लोग बिजली संकट के साथ पेयजल संकट झेलने पर भी मजबूर हो गये हैं. कई घरों के मोटर सहित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ठप हो गये हैं. ऐसे में पानी टंकी तक चढ़े तो कैसे चढ़े. कुल मिलाकर प्रचंड गर्मी में बिजली और पानी के संकट ने लोगों का जीना दूभर सा कर दिया है.
इसे भी पढ़ें – Jamshedpur News : भीषण गर्मी में मानगो वासियों की प्यास बुझाने को निजी टैंकर से पानी आर्पूति की शुरुआत




