
Ranchi/Bokaro: बोकारो में माफिया पर कोई नकेल नहीं है. बालू हो या कोयला माफिया जो चाह रहे हैं, वो खुलेआम कर रहे हैं. इन बातों को झारखंड के पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह न्यूज विंग से बातचीत के दौरान रख रहे थे. उन्होंने कहा कि मैं हर रोज अपने क्षेत्र में देर रात भ्रमण पर निकलता हूं. लेकिन जो स्थिति देखता हूं उससे चौंक जाता हूं. बोकारो के कई इलाके खास कर गोमिया विधानसभा में माफिया का बोलबाला है. प्रशासन के नाक के नीचे माफिया अपनी मनमानी कर रहे हैं. लेकिन उन्हें रोकने वाला कोई नहीं है. उन्होंने साफ तौर पर लोकल प्रशासन पर आरोप लगाया कि उन्हीं की मिलीभगत से सारा खेल हो रहा है. प्रशासन को पूरी बात की जानकारी है, लेकिन वो सारा खेल चुप-चाप होते देख रहे हैं. जाहिर तौर पर इस काम में उन्हें भी पेशगी मिल रही है.
महुआटांड और पेटरवार सभी जगह हो रहा अवैध कारोबार
आगे बात करते हुए माधल लाल सिंह ने कहा कि गोमिया प्रखंड के महुआटांड थाना में अवैध कारोबार फल-फूल रहा है. कोयले की भी अवैध तरीके से ढुलाई हो रही है. बालू हर रोज करीब 300 ट्रैक्टर यहां से निकाला जा रहा है. इसके अलावा पेटरवार, बीटीपीएस थाना क्षेत्र, पेक नारायणपुर, चतरो चट्टी और जागेश्वर बिहार क्षेत्र में बालू और कोयला का अवैध कारोबार माफिया कर रहे हैं. ऐसा करके इन क्षेत्र को खोखला किया जा रहा है. राजस्व का घाटा तो हो ही रहा है. आपराधिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है.
डीएसपी और इंस्पैक्टर सभी को बतायाः सिंह
पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह ने बताया कि ऐसा होते देख हमेशा की तरह उन्होंने फौरन इलाके के डीएसपी और इंस्पेक्टर सभी को फोन लगाया है. लेकिन उम्मीद नहीं है कि इन गतिविधियों पर नकेल कसा जा सकेगा. क्योंकि इसमें कुछ बड़े नेता और अधिकारियों का भी संरक्षण माफिया को मिला हुआ है.
इसे भी पढ़ें: बीएसएल प्रबंधन के सुरक्षाकर्मियों ने रात में स्ट्रीट लाइट बंद कर पत्रकार सहित महिलाओं पर की लाठीचार्ज




