
Ranchi : झारखंड एकेडमिक काउंसिल, रांची ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी कर दिया है. स्टूडेंट्स अपने स्कूल और कॉलेजों से एडमिट कार्ड ले सकेंगे. स्कूल के प्राचार्य jac.jharkhand.gov.in पर जाकर अपने पासवर्ड व लॉगइन आडी से इन्हें डाउनलोड कर सकते हैं. बताते चलें कि जैक मैट्रिक और इंटर की परीक्षाएं 24 मार्च से शुरू हो रही हैं. मैट्रिक की परीक्षाएं 20 अप्रैल 2022 तक जबकि इंटर की परीक्षाएं 25 अप्रैल 2022 तक चलेगी. इंटर का प्रैक्टिकल और आंतरिक मूल्यांकन शुरू हो चुका है जो 22 मार्च तक चलेगा. मैट्रिक का प्रैक्टिकल और आंतरिक मूल्यांकन 26 अप्रैल से पांच मई 2022 तक होगा.
अलग-अलग पाली में होगी परीक्षा
झारखंड बोर्ड मैट्रिक की परीक्षाएं पहली पाली और इंटर की दूसरी पाली में होगी. ओएमआर शीट व लिखित परीक्षा के बीच पांच मिनट का अंतराल परीक्षार्थियों को दिया जाएगा. मैट्रिक की परीक्षा 9.45 से 11.20 बजे तक ओएमआर शीट पर ऑब्जेक्टिव प्रश्न (टर्म वन) का जवाब देंगे, जबकि 11.25 से 1.05 बजे तक लिखित परीक्षा (टर्म टू) देंगे. वहीं, इंटर में दो बजे से 3.25 तक ओएमआर शीट पर और 3.40 से 5.20 तक लिखित रूप से परीक्षा होगी. मैट्रिक की प्रैक्टिकल के लिए 22-25 अप्रैल तक प्रश्नपत्र मिलेंगे.
इंटर के प्रैक्टिकल के अंक स्कूल-कॉलेज 23 मार्च तक अपलोड करेंगे, जबकि मैट्रिक प्रैक्टिकल व आंतरिक मूल्यांकन के अंक 27 अप्रैल 2022 से 6 मई 2022 तक अपलोड हो सकेंगे.
इसे भी पढ़ें :पीएलएफआई के एरिया कमांडर लाका पाहन के कहने पर लेवी वसूलने पहुंचे चार गिरफ्तार




