
Dhanbad: सदर थाना के धैया रानी बांध में शनिवार की सुबह आइआइटी प्रबंधन और स्थानीय लोगों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी. स्थानीय लोगों का आरोप है कि आइएसएम प्रबंधन मनमाने तरीके से परिसर की नाली का पानी धैया स्थित तालाब रानी बांध में गिरा रहा है.
जिससे स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है. सूचना पाते ही सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया. इस बारे में पहले भी प्रशासन ने आइएसएम को उचित निर्देश दिया था.
इसे भी पढ़ेंः#Budget2020: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की घोषणा, बैंक डूबा तब भी सुरक्षित हैं आपके 5 लाख रुपये
लेकिन शुक्रवार की देर रात प्रबंधन ने चोरी-छुपे मजदूरों की मदद से अपनी चहारदीवारी को काटकर नाले के पानी का रुख तालाब की ओर मोड़ दिया. सुबह जब स्थानीय लोगों को मामले की जानकारी मिली तो वे आक्रोशित हो गये.
लोगों ने सीमेंट-कंक्रीट से बंद की नाली, कैंपस में भरने लगा पानी
फिलहाल स्थानीय लोगों ने चोरी-छुपे बनायी गयी उक्त नाली को सीमेंट और कंक्रीट से बंद कर दिया. जिससे आइआइटी आइएसएम के अंदर नालियों के पानी की निकासी नहीं होने से कैंपस में पानी इकट्ठा होने लगा.

वहीं स्थानीय लोगों द्वारा लगातार विरोध के बाद भारी संख्या में सुरक्षा बल की तैनाती भी गयी. मामले की सूचना मिलने के बाद धनबाद एसडीएम राज महेश्वर मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया.
इसे भी पढ़ेंः#Budget2020: जानिये किसको कितनी मिली #IncomeTax में छूट
स्थानीय लोगों ने बताया कि नाले का पानी रानी बांध तालाब में आने के कारण तालाब का पानी प्रदूषित हो रहा है. उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग तालाब के पानी का उपयोग कई आवश्यक कामों के लिए करते हैं. पानी के प्रदूषित होने के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ेगा.
समस्या के समधान के लिए चार फरवरी को होगी त्रिपक्षीय वार्ता
इस संबंध में एसडीएम राज महेश्वरम ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए चार फरवरी को त्रिपक्षीय वार्ता बुलायी गयी है. उन्होंने बताया कि इस त्रिपक्षीय वार्ता में आइएसएम प्रबंधन, स्थानीय लोग और जिला प्रशासन के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे.

बैठक में सर्वसम्मति से समस्या के समाधान की दिशा में कोई निर्णय लिया जायेगा. उन्होंने कहा कि बैठक में लिये गये निर्णय के अनुरूप नाली का बना कर जल निकासी की व्यवस्था की जायेगी, ताकि किसी को इससे परेशानी न हो.
इसे भी पढ़ेंःसरकार नयी शिक्षा नीति लायेगी, 2020-21 में शिक्षा क्षेत्र के लिए 99,300 करोड़ रुपये आवंटित




