
New Delhi: दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने लालू परिवार को बड़ी राहत दी है. आईआरसीटीसी घोटाले में आरोपों का सामना कर रहे लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव को नियमित जमानत मिली है. लालू परिवार समेत अन्य को मनी लॉन्ड्रिंग केस में स्थाई जमानत मिल गई. सोमवार को पटियाला हाउस कोर्ट ने एक लाख रुपए के निजी मुचलके और सिक्योरिटी (प्रति व्यक्ति) पर उन्हें बेल दी. मामले में अगली सुनवाई 11 फरवरी को होगी. ज्ञात हो कि चारा घोटाले में सजायाफ्ता आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का फिलहाल रांची के रिम्स के पेइंग वॉर्ड में इलाज चल रहा है.
क्या है पूरा मामला
आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव पर आरोप है कि रेल मंत्री रहते हुए उन्होंने रेलवे के 2 होटलों बीएनआर रांची और पुरी के देखभाल की जिम्मेदारी विनय और विजय कोचर के मालिकाना हक वाली कंपनी सुजाता होटल को सौंपी. इसके एवज में लालू को एक बेनामी कंपनी के जरिए 3 एकड़ महंगी जमीन मिली. पूरे मामले में सीबीआई ने आईपीसी की धारा 120बी (आपराधिक साजिश), धारा 420 (धोखाधड़ी) और भ्रष्टाचार से जुड़ी अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया था.
इसे भी पढ़ेंः लोजपा नेता का दावाः 6 से 10 मार्च के बीच होगा आम चुनाव का ऐलान




