
Ranchi: आइपीएस तदाशा मिश्र के बेटे अत्येंद्र मिश्र ने शुक्रवार की सुबह खुद को गोली मार ली. आनन-फानन में उसे मेडिका अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. तदाशा मिश्र 1994 बैच के आइपीएस हैं और अभी एडीजी रैंक कीं अफसर हैं. वह गृह विभाग में विशेष सचिव के पद पर पदस्थापित हैं. वह मूल रुप से ओडिशा की रहने वाली हैं. रांची में वह टाटीसिल्वे थाना क्षेत्र में रहती हैं. वह उनका एकलौता पुत्र था. तदाशा मिश्र अभी भुवनेश्वर में हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद वह भुवनेश्वर से रांची के लिये चल चुकी हैं.इधर वरीय अधिकारी के बेटे की मौत के बाद कई अधिकारी रांची के मेडिका पहुंचे हैं.
जानकारी के मुताबिक, अत्येंद्र मेडिकल की पढ़ाई कर रहा था. मेडिकल की पढ़ाई बीच में छोड़ कर वह वापस लौट आया था. बताया जाता है कि शुरुआत में वह मेडिकल की पढ़ाई करना चाहता था. लेकिन दो-तीन साल तक पढ़ाई करने के बाद वह मेडिकल की पढ़ाई नहीं करना चाहता था. इस कारण वापस लौट आया था. हालांकि वह दोबारा मेडिकल की पढ़ाई शुरु करने को तैयार हो गया था.
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की सुबह वह एयरपोर्ट जा रहा था. वह बैंगलोर जाने के लिए घर से निकला था. गाड़ी में बॉडीगार्ड भी था. उसने बॉडीगार्ड से हथियार देखने के बहाने मांगी और फिर उस रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली. जिसके बाद उसे मेडिका अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
बॉडीगार्ड, ड्राइवर से पूछताछ- DIG
मामले की जानकारी देते हुए डीआइजी एवी होमकर ने कहा कि 10 बजे के करीब अत्येंद्र मिश्र ने एयरपोर्ट जाने के दौरान अंगरक्षक की रिवाल्वर से सीने में गोली लगने से उनकी मौत हो गई. बॉडीगार्ड और ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है. मौत के पीछे की वजह अभी तक साफ नहीं हो पायी है. मामले की जांच चल रही है.
इसे भी पढ़ेंः कैग की रिपोर्ट से साबित होता है कंबल घोटाला, पर सरकार जांच के नाम पर कर रही लीपापोती, साल बीत गया, नहीं हुई कोई कार्रवाई




