
Ranchi: राज्य सरकार ने पकरी बरवाडीह माइंस को ध्यान में रखते हुए बड़कागांव बाईपास व इससे जुड़ी महत्चपूर्ण सड़क निर्माण कराने की अपनी सैद्धांतिक सहमति प्रदान कर दिया है. इसके निर्माण के लिए कंसलटेंट की तलाश शुरू की गयी है जो डीपीआर तैयार करेगा. हजारीबाग अंतर्गत बड़कागांव बाईपास सड़क हजारीबाग-बड़कागांव-टंडवा-खेलारी व रांची जिले के बिजुपाड़ा सड़क तक को जोड़ने का काम करेगा. एनटीपीसी के आग्रह पर इस बाईपास और सड़क निर्माण पर सरकार ने आगे कदम बढ़ाया है. वर्तमान सड़क को चार लेन तक किया जायेगा.
अगस्त तक कंसलटेंट की चयन की प्रक्रिया चलेगी. इसके बाद इसका डीपीआर तैयार कराया जायेगा. यह प्रयास हो रहा है कि इस साल के अंत तक इसके निर्माण कार्य की स्वीकृति भी प्रदान कर दी जाये, ताकि वित्तीय वर्ष समाप्ति 2024-25 के पहले निर्माण का टेंडर जारी कर काम भी प्रारंभ करा दिया जाये. इंजीनियरों ने बताया कि पकरीबरवाडीह माहंस एरिया के लिए यह बाईपास व सड़क काफी महत्वपूर्ण होगा. भारी व मालवाहक वाहनों के लिए यातायात सुगम होगा. टंडवा, खलारी व बिजुपाड़ा मांइस एरिया जुड़ने से काफी फायदा भी होगा, दूरी भी घटेगी.




