
Ranchi: राज्य सरकार ने तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी ठेठईटांगर, सिमडेगा शिवाजी भगत के विरूद्ध विभागीय कार्यवाही चलाने का आदेश दिया है. शिवाजी भगत अभी बीडीओ पालाजोरी, देवधर के पद पर कार्यरत हैं. उनके विरूद्ध सिमडेगा में बगैर प्रभार सौंपे बिना प्रखंड मुख्यालय से अनुपस्थित रहने, रोकड़ पंजी का अद्यतन संधारन एवं निरीक्षण, पर्यवेक्षण नहीं करने, अपने दायित्व का निर्वहन नहीं करने संबंधी गंभीर आरोप लगे हैं. पूरे मामले पर उपायुक्त सिमडेगा ने 29 मई 2018 को ही आरोप पत्र गठित कर कार्रवाई की अनुशंसा की थी.
कार्मिक विभाग ने इसकी जांच करायी, जिसमें प्रथमदृष्टया आरोप प्रमाणित पाये गये. मामला राज्य सरकार के पास गया. जिसके बाद उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही चलाने का निर्णय लिया गया ओर जांच संचालन पदधिकारी रिटायर आइएएस अरविंद कुमार को नियुक्त किया गया है. उपसमाहर्ता सिमडेगा को उपस्थापन पदाधिकारी बनाया गया है. शिवाजी भगत से 15 दिनों में जवाब मांगा गया है. इस संबंध में कार्मिक विभाग ने आदेश जारी कर दिया है.




