
NewDelhi : इंटरनेशनल कोर्ट (हेग) में चल रहे कुलभूषण जाधव वाले मामले में बुधवार को फैसला आने की संभावना है. इस मौके के लिए पाकिस्तान के कानूनी विशेषज्ञों की एक टीम हेग पहुंच चुकी है.
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक पाक की कानूनी टीम का नेतृत्व देश के अटॉर्नी जनरल मंसूर खान कर रहे हैं. टीम के साथ पाकिस्तान के विदेश विभाग के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल भी हेग पहुंचे हैं.
इसे भी पढ़ें- झारखंड पुलिस के अफसर अक्षम हैं या चुप रहने की कीमत वसूल रहे थे टीपीसी से
2016 में जाधव को किया गया था गिरफ्तार
भारत और पाकिस्तान के इस मुद्दे पर सभी की नजरें हैं. जान लें कि इस साल 18 से 21 फरवरी तक हेग के इंटरनेशनल कोर्ट में इस मुद्दे पर भारत और पाकिस्तान की ओर से दावे और दलीलें पेश किये गये थे.
भारतीय मूल के नागरिक कुलभूषण जाधव को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ने 2016 में जासूसी और आतंकवाद के आरोप में बलूचिस्तान से गिरफ्तार किया था.
इसके बाद पाकिस्तान की मिलिट्री कोर्ट ने जाधव को जासूसी के झूठे आरोप में फांसी की सजा सुना दी थी. हालांकि भारत पाकिस्तान के आरोपों को सिरे से खारिज करता आ रहा है.
इसे भी पढ़ें- 25 लाख के इनामी माओवादी लीडर की पत्नी करती है मजदूरी, बच्चों की स्कूल फीस नहीं भर पा रही
इंटरनेशनल कोर्ट ने फांसी की सजा पर लगायी थी रोक
भारत 2016 से ही जाधव के कोंसुलर एक्सेस की मांग कर रहा है. इस्लामाबाद स्थित भारतीय दूतावास जाधव के मामले में यह मांग कर रहा है. हालांकि भारत के बार बार आग्रह पर भी पाकिस्तान भारत की मांग ठुकराता रहा.
इसके बाद आठ मई 2017 को भारत पाकिस्तान के खिलाफ इस केस को इंटरनेशनल कोर्ट लेकर गया. इसमें भारत ने पाकिस्तान पर वियना समझौता 1963 के उल्लंघन का आरोप लगाया. साथ ही भारत ने यह भी कहा कि कुलभूषण जाधव रिटायरमेंट ले चुके थे. वे बिजनेस के सिलसिले में ईरान गए थे, जहां से पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों ने उनको अगवा कर लिया था.
18 मई 2017 को इंटरनेशनल कोर्ट ने कुलभूषण जाधव की फांसी की सजा पर रोक लगा दी. कोर्ट ने अपने ऑर्डर में कहा, जब तक आईसीजे इस मामले में अपना अंतिम निर्णय नहीं सुना देता, पाकिस्तान कुलभूषण जाधव को सजा नहीं दे सकता.




