DhanbadJharkhandRanchi

अगले 2 सालों में सभी पुलिस प्रशिक्षण केंद्रों में उपलब्ध होगी आधारभूत संरचना और मूलभूत सुविधाएं: हेमंत सोरेन

Ranchi/Dhanbad: सीएम हेमंत सोरेन ने सोमवार को पुलिस बल के जवानों के लिए मौजूद प्रशिक्षण केंद्रों की स्थिति पर चिंता जतायी. जैप-3 परेड ग्राउंड, गोविंदपुर, धनबाद में आईआरबी-9 के पारण परेड समारोह में प्रशिक्षु आरक्षियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिन -जिन प्रशिक्षण केंद्रों में उन्हें जाने का मौका मिला है, वहां आधारभूत संरचना और मूलभूत सुविधाएं नहीं होने की जानकारी मिली. ऐसे में सरकार ने इसे पूरी गंभीरता के साथ संज्ञान में लिया है. अगले 2 वर्षों के अंदर सभी पुलिस प्रशिक्षण केंद्रों का व्यापक जीर्णोद्धार किया जाएगा ताकि बेहतर माहौल में बेहतर तरीके से प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन हो सके.

इसे भी पढ़ें: MNREGA में तीन वर्ष में बढ़ी महिला श्रमिकों की भागीदारी, 2022-23 में अबतक 9 करोड़ मानव दिवस का सृजन

सरकार के अभिन्न अंग के रूप में अहम जिम्मेदारी

हेमंत सोरेन ने आईआरबी -9 के पारण परेड समारोह में प्रशिक्षु जवानों के आकर्षक मार्च पास्ट का निरीक्षण किया. सलामी भी ली. इस दौरान 182 महिला समेत 552 प्रशिक्षु आरक्षियों ने ईमानदारी, निष्ठा, हर्ष और नम्रता के साथ कर्त्तव्य निर्वहन की शपथ ली. सीएम ने उनसे कहा कि राज्य को बेहतर दिशा देने के लिए बेहतर व्यवस्था देनी होगी. हमारा प्रयास व्यवस्था को सुदृढ़ करना है जिससे आपके कर्त्तव्य पथ पर आपको व्यवस्था से किसी प्रकार की परेशानी न हो. सरकार के अभिन्न अंग के रूप में आप सबों की अहम जिम्मेदारी है.
प्रशिक्षु जवानों से कहा कि आपने बुनियादी प्रशिक्षण सफलतापूर्वक प्राप्त किया है. अब आप कर्त्तव्य पथ पर चलने को तैयार हैं. आपने जो प्रशिक्षण प्राप्त किया है, वह आपके आत्म बल और जिम्मेदारियों तथा कार्यों के प्रति जवाबदेह बनाते हुए आने वाले समय में चुनौतियों से निपटने में आपको सक्षम बनाएगा. विधि व्यवस्था और अपराध तथा उग्रवाद नियंत्रण के क्षेत्र में आपको अहम जिम्मेदारी निभानी है. इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने शहीद स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर अमर जवानों को नमन किया और सरना स्थल में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.

मौके पर रहे मौजूद

मौके पर टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, डीजीपी नीरज सिन्हा, सीएम के सचिव विनय कुमार चौबे, एडीजीपी प्रशांत सिंह, धनबाद डीसी संदीप सिंह, डीआईजी जैप सुनील भास्कर, एसएसपी, धनबाद संजीव कुमार, गिरिडीह एसपी अमित रेणु समेत पुलिस पदाधिकारी, आईआरबी-9 के प्रशिक्षु आरक्षी एवं उनके परिजन भी उपस्थित रहे.

Related Articles

Back to top button