National

भारतीय सेना ने पाक से कहा, सफेद झंडा लेकर आयें और शवों को अंतिम क्रिया के लिए  ले जायें

NewDelhi : पाक सेना सफेद झंडे के साथ आकर अपने लोगों के शव ले जा सकती है. भारतीय सेना ने यह बात कही है. जान लें कि भारतीय सेना द्वारा की गयी कार्रवाई में मारे गये पाक आतंकियों के शव अब भी एलओसी पर पड़े हैं. भारतीय सेना ने पाक सेना को इन शवों को अंतिम क्रिया के लिए ले जाने का प्रस्ताव दिया है. खबर है कि पाकिस्तान की तरफ से इस संबंध में अभी तक कोई जवाब नहीं आया है.

31 जुलाई और एक अगस्त की रात भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर के केरन सेक्टर में फॉरवर्ड पोस्ट पर पाकिस्तानी आर्मी के BAT (बॉर्डर ऐक्शन टीम) के अटैक को नाकाम कर दिया था. इस  क्रम में  सेना के जवाबी ऐक्शन में पाकिस्तान के कम से कम पांच से  सात सैनिक और आतंकवादी मारे गये थे.

सेना ने  चार  शवों की सैटलाइट तस्वीरें जारी की हैं

सेना ने सबूत के तौर पर उनमें से चार  शवों की सैटलाइट तस्वीरें जारी की है आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान  द्वारा  कश्मीर की शांति भंग करने की लगातार कोशिश की जा रही है . पाकिस्तान फायरिंग की आड़ में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों की भारत में घुसपैठ कराने की कोशिश में है.

इस संबंध में रक्षा प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने बताया, कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर की एक फॉरवर्ड पोस्ट पर BAT हमले की कोशिश को वहां मुस्तैद जवानों ने नाकाम कर दिया. इस दौरान जवाबी ऐक्शन में 5 से 7 पाकिस्तानी आतंकी मार दिये गये. सूत्रों ने बताया कि 31 जुलाई और एक अगस्त की दरम्यानी रात पाकिस्तान की कुख्यात बॉर्डर ऐक्शन टीम ने घात लगाकर हमला किया था.

कर्नल कालिया के अनुसार कम से कम चार शव पाकिस्तानी सेना के स्पेशल सर्विस ग्रुप (SSG) के कमांडो के हो सकते हैं.  वे भारतीय चौकी के करीब पहुंच चुके थे.  इसके बाद पाकिस्तानी सैनिकों ने फायरिंग तेज कर दी ताकि भारतीय जवान आतंकियों के शवों को कब्जे में न ले सकें.  सीमा पर सेना की कार्रवाई अब भी जारी है.  पाकिस्तान ने भी अपनी तरफ एलओसी पर सामान्य से ज्यादा सैनिकों की तैनाती कर रखी है.

इसे भी पढ़ें – जम्मू-कश्मीरः बाहरी छात्रों को घाटी छोड़ने का निर्देश, सामान जमा कर रहे लोग

 

Related Articles

Back to top button