NationalSports

भारत ने पाकिस्तान को दी पटखनी, 8 विकेट से जीती टीम इंडिया

Dubai: एशिया कप के सबसे रोमांचक मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान से अपनी पुरानी हार का बदला लेते हुए आठ विकेट से मात दी है. भुवनेश्वर कुमार की अगुवाई में गेंदबाजों के जानदार प्रदर्शन और कप्तान रोहित शर्मा से मिली तेजतर्रार शुरुआत के दम पर भारत ने एशिया कप ग्रुप ए मैच में बुधवार को अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 126 गेंदें शेष रहते हुए आठ विकेट से करारी शिकस्त दी.

इसे भी पढ़ेंःएशिया कप 2018: भारत-पाक मैच के दौरान हार्दिक पंड्या चोटिल, स्‍ट्रेचर पर ले जाया गया मैदान से…

162 पर ढेर हुई पाक टीम

भुवनेश्वर कुमार (15 रन देकर तीन), जसप्रीत बुमराह (23 रन देकर दो) और केदार जाधव (23 रन देकर तीन) की धारदार गेंदबाजी से भारत ने पहले बल्लेबाजी का फैसला करने वाले पाकिस्तान को 43.1 ओवर में 162 रन पर ढेर कर दिया. पाकिस्तान के केवल दो बल्लेबाज बाबर आजम (47) और शोएब मलिक (43) ही कुछ योगदान दे पाये.

भुवनेश्वर शुरू से ही पाकिस्तानी टीम पर हावी हो गये जबकि जाधव ने निचले मध्यक्रम को समेटने में अहम भूमिका निभायी. भुवनेश्वर ने पहले पांच ओवर के अंदर ही पाकिस्तान के दोनों सलामी बल्लेबाजों इमाम उल हक (दो) और फखर जमां (शून्य) को पवेलियन भेजकर सरफराज अहमद का पहले बल्लेबाजी का फैसला गलत साबित करने में कसर नहीं छोड़ी.

भारत की बड़ी जीत

इसके बाद कप्तान रोहित शर्मा (52) और शिखर धवन (46) ने पहले विकेट के लिये 86 रन जोड़कर भारत को शानदार शुरुआत दिलायी. दिनेश कार्तिक (नाबाद 31) और अंबाती रायुडु (नाबाद 31) ने अपनी भूमिका बखूबी निभायी तथा भारतीय टीम ने केवल 29 ओवर में दो विकेट पर 164 रन बनाकर मैच को एकतरफा बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी. भारत की यह गेंदें शेष रहने के लिहाज से पाकिस्तान पर सबसे बड़ी जीत है. इससे पहले उसने 2006 में मुल्तान में 105 गेंदें शेष रहते हुए जीत दर्ज की थी.

इसे भी पढ़ेंःजूनियर विश्व कुश्ती : लगातार दो पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने साजन

भारतीय सलामी जोड़ी ने सतर्क शुरुआत की. पहले छह ओवर में केवल 17 रन बने. रोहित समझ गये कि अगर यह स्थिति बरकरार रही तो दबाव बढ़ता जाएगा. उन्होंने मोहम्मद आमिर पर दो चौके जड़कर हाथ खोले और फिर अगले ओवर में उस्मान खान पर दो छक्के लगाकर भारतीय समर्थकों को मदमस्त किया. भारतीय कप्तान ने हसन अली की गेंद मिडविकेट पर चार ओवर के लिये भेजकर नौवें ओवर में टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया.

धवन ने भी हसन अली पर छक्का लगाया जबकि रोहित ने इसी गेंदबाज के अगले ओवर में पहले छक्का और फिर चौका लगाकर 36 गेंदों पर अपना 35वां वनडे अर्धशतक पूरा किया. सरफराज ने आखिर में 14वें ओवर में लेग स्पिनर शादाब खान को गेंद सौंपी. उनकी पहली गेंद ही गुगली थी जिस पर रोहित गच्चा खाकर बोल्ड हो गये. भारतीय कप्तान ने अपनी 39 गेंदों की पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाये.

हालांकि, धवन अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर पाये. उन्होंने फहीम अशरफ की गेंद को कट करने के प्रयास में बैकवर्ड प्वाइंट पर कैच दिया. उनकी जगह क्रीज पर उतरे दिनेश कार्तिक ने छक्के से शुरुआत की. इसके बाद कार्तिक और रायुडु ने किसी तरह की जल्दबाजी नहीं दिखाते हुए, लक्ष्य को पूरा किया. इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिये 60 रन की अटूट साझेदारी की.

भारत ने इस तरह से ग्रुप ए से शीर्ष पर रहकर सुपर फोर में जगह बनायी जहां उसे रविवार को फिर से पाकिस्तान का सामना करना है.

इसे भी पढ़ेंः4 घंटे में 2 किलो वजन कम कर मैरीकॉम ने जीता गोल्‍ड मेडल

रोहित ने जीत का श्रेय गेंदबाजों को दिया

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने एशिया कप में पाकिस्तान पर आठ विकेट से मिली एकतरफा जीत का श्रेय गेंदबाजों को देते हुए बुधवार को कहा कि टीम हांगकांग के खिलाफ कल के मैच से मिले सबक से सीख लेकर सुधार करने में सफल रही.

हांगकांग ने पहले मैच में भारत को जीत के लिये कड़ा संघर्ष कराया. लेकिन भारत ने पाकिस्तान को 126 गेंदें शेष रहते हुए आसानी से आठ विकेट से हराया. पाकिस्तानी टीम 162 रन पर ढेर हो गयी और भारत ने 29 ओवरों में आसानी से लक्ष्य हासिल कर दिया.

रोहित ने मैच के बाद कहा कि शुरू से ही हमने अनुशासित प्रदर्शन किया. हम कल की गलतियों से सीख लेना चाहते थे. हमारे गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. हम रणनीति पर कायम रहे और इस तरह के धीमे विकेट के लिये जो रणनीति बनायी थी उस पर पूरी तरह से अमल किया.

उन्होंने कहा कि स्पिनरों ने कसी हुई गेंदबाजी की लेकिन शुरू में पहले दो विकेट हासिल करना महत्वपूर्ण था. शुरू में विकेट लेना अहम था क्योंकि उनकी बल्लेबाजी अच्छी है. इसलिए हम उनके लिये चीजें आसान नहीं बनाना चाहते थे. जब बाबर आजम और शोएब मलिक बल्लेबाजी कर रहे थे तब भी हमने धैर्य नहीं खोया. रोहित ने केदार जाधव की भी तारीफ की जिन्होंने तीन विकेट लिये.

पांच ओवर में दो विकेट गंवाना पड़ा भारी

पाकिस्तान के कप्तान सरफराज अहमद ने कहा कि पहले पांच ओवरों में ही दो विकेट गंवाना उनकी टीम पर भारी पड़ा. उन्होंने हार के लिये बल्लेबाजों को जिम्मेदार ठहराया.

सरफराज ने कहा कि हमारी शुरुआत अच्छी नहीं रही. हमने पहले पांच ओवरों में दो विकेट गंवाये और इसके बाद भी नियमित अंतराल में विकेट गंवाते रहे और मैच में वापसी नहीं कर सके. आप कह सकते हो कि हमने खराब बल्लेबाजी की.
उन्होंने कहा कि बाबर आजम को छोड़कर हमने आसानी से विकेट गंवाये. इसलिए हमें देखना होगा कि भविष्य में कैसी बल्लेबाजी करनी है. हमने दो स्पिनरों के लिये तैयारी की थी. लेकिन तीसरे स्पिनर (जाधव) ने हमारे विकेट निकाले. सुपर फोर से पहले यह आंखे खोलने वाला मैच रहा.

पाकिस्तान की सलामी जोड़ी सहित तीन विकेट लेने वाले भुवनेश्वर कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया.

Related Articles

Back to top button