
Jammu and Kashmir: गलवान घाटी में हिंसक झड़प के बाद से ही भारत और चीन के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है. इस बीच जम्मू-कश्मीर की सरकार ने ऐसा आदेश दिया है कि लोगों की चिंता बढ़ गई है. दरअसल, जम्मू कश्मीर सरकार ने दो महीने के लिए एलपीजी सिलेंडर का स्टॉक करने का आदेश दिया है.
ये भी पढ़ें- पटना की ये तस्वीर फिर से दिखा रहा 2019 की बारिश का ट्रेलर
यही नहीं, सरकार ने सुरक्षाबलों के लिए स्कूल को खाली करने का आदेश दिया है. इसके लिए सरकार ने दो अलग-अलग आदेश जारी किए हैं. जिस कारण स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है.
क्या है आदेश
एक आदेश में सरकार ने लोगों से कम से कम दो महीने के लिए एलपीजी सिलेंडर का स्टॉक करने को कहा है. वहीं दूसरे आदेश में गांदरबल में सुरक्षाबलों के लिए स्कूल की इमारतों को खाली करने के आदेश दिए हैं. बता दें कि गांदरबल जिला लद्दाख के कारगिल से सटा हुआ है.
एलपीजी स्टॉक
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के सलाहकार ने एक बैठक में घाटी एलपीजी के पर्याप्त स्टॉक को सुनिश्चित करने के लिए दिशा-निर्देश दिए हैं. आदेश के अनुसार, भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने के कारण आपूर्ति प्रभावित हो सकती है. आदेश को ‘मोस्ट अर्जेंट मैटर’ के रूप में वर्णित किया गया है.
स्कूल खाली करने का आदेश
वहीं, एक अन्य आदेश में पुलिस अधीक्षक गांदरबल ने जिले के 16 स्कूलों, शिक्षण संस्थानों से इमारतों को खाली कराने का अनुरोध किया है. आदेश में कहा गया है कि अमरनाथ यात्रा 2020 के मद्देनजर इन शिक्षण संस्थानों को सीआरपीएफ की कंपनियों के आवास के लिए उपलब्ध कराया जाए.




