
Delhi: भारत व दक्षिण अफ्रीका के बीच आज तीन वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला दिल्ली में खेला जाना है. इस निर्णायक मुकाबले में दोनों ही टीमों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है. भारतीय टीम के ऊपर अपने घर में दक्षिण अफ्रीका से 12 साल बाद सीरीज जीतने की चुनौती होगी तो मेहमानों की एक और हार उन्हें अगले साल होने वाले वनडे विश्वकप के क्वालिफायर में खेलने को मजबूर कर सकती है.
22 फरवरी, 2010 के बाद से भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने घर में 10 वनडे खेल चुकी है, जिसमें उसे सिर्फ चार मैचों में जीत मिली है. छह में भारत को हार का सामना करना पड़ा है. ऐसे बारिश ने खलल नहीं डाला तो दोनों टीमें अंतिम वनडे जीतने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाएंगी.
भारतीय टीम की चिंता का विषय उसकी ओपनिंग जोड़ी कप्तान शिखर धवन और शुभमन गिल का पहले दो मैचों में नहीं चलना है. वनडे विशेषज्ञ बन चुके धवन पिछले दो मैचों में 17 रन ही बना सके हैं. वह वनडे में पहली बार अपने घर यानी दिल्ली में देश की कप्तानी करने उतरेंगे. धवन के लिए यह मैच बेहद महत्वपूर्ण है. यहां वह बड़ी पारी खेलकर अपने को अगले साल होने वाले वनडे विश्वकप की टीम के दावेदारों में बनाए रख सकते हैं. वहीं गिल ने दो मैचों में सिर्फ 31 रन बनाए हैं.
भारतीय टीम का मजबूत पक्ष श्रेयस अय्यर, ईशान किशन और उप कप्तान संजू सैमसन का फॉर्म में होना है. श्रेयस और ईशान ने रविवार को रांची में वनडे में अपना सबसे बड़ा स्कोर 113* और 93 रन बनाए हैं. सैमसन भी 86* और 30* रन की पारियां खेल चुके हैं. श्रेयस इस साल नौ वनडे पारियों में 57.25 की औसत से 458 रन बना चुके हैं और जबरदस्त फॉर्म में हैं. वह टी-20 विश्वकप के लिए स्टैंडबाय की भी सूची में हैं. वहीं, गेंदबाजी विभाग में मोहम्मद सिराज ने 38 रन देकर तीन विकेट झटके और द. अफ्रीका को तीन सौ के पार नहीं जाने देने में उनकी मुख्य भूमिका रही.
मैच पर बारिश का साया है. दिल्ली में सात अक्तूबर से लगातार बरसात हो रही है. पिछले दो दिनों में यहां रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई है. मंगलवार को भी बारिश की संभावना है. कोटला मैदान कई दिन से ढका है. हालांकि, मैदान प्रबंधन पिट को तरोताजा रखने की हर संभव कोशिश में जुटे हैं.
दोनों टीमों के संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत: शिखर धवन (कप्तान), शुभमन गिल, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, शाहबाज अहमद, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, आवेश खान।
दक्षिण अफ्रीका: यानेमन मलान, क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), रीजा हेंड्रिक्स, एडेन मार्करम, हेनरिच क्लासेन, डेविड मिलर, वेन पार्नेल, केशव महाराज (कप्तान), ब्योर्न फोर्चूइन, कगिसो रबाडा, एनरिच नोर्त्जे।




