
Ranchi : राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने और भयमुक्त वातावरण बहाल करने के मकसद से रविवार को सीनियर एसपी अनीश गुप्ता ने अपने कार्यालय में क्राइम मीटिंग की. मीटिंग में राजधानी के सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, ट्रैफिक एसपी सहित सभी डीएसपी और सभी थानेदार मौजूद रहे. क्राइम मीटिंग में एसएसपी ने पुराने लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने का निर्देश दिया.वही छिनतई में शामिल अपराधियों को चिन्हित करने का भी निर्देश सभी थानेदारों को दिया गया. मीटिंग में अपराध नियंत्रण को लेकर अहम बिंदुओं पर चर्चा की गयी.
इसे भी पढ़ें- 38 हजार आंगनबाड़ी केंद्रों को चार महीने से नहीं मिला पैसा, बच्चों की खिचड़ी और दलिया पर भी आफत
पुराने मामलों के निष्पादन के लिए थाना प्रभारियों को टास्क
मीटिंग में एसएसपी अनीश गुप्ता ने पुराने मामलों के निष्पादन के लिए सभी थाना प्रभारियों को टास्क दिया. वहीं हाई कोर्ट के आदेश को देखते हुए फरार चल रहे वारंटियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश भी दिये. इसके अलावा सभी थानेदारों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में लगातार गश्त करें. साथ ही, हाइवे पेट्रोलिंग और पीसीआर के साथ मिलकर अपराधियों की धर-पकड़ के लिए लगातार कार्य करें.
इसे भी पढ़ें- राज्य गठन के 18 साल बाद भी पुलिस बल की कमी से जूझ रहा झारखंड, 15 हजार पुलिस की है कमी
90 अपराधियों और पांच उग्रवादियों को किया गिरफ्तार
रांची पुलिस ने पिछले तीन महीनों में 90 अपराधियों और पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार सभी उग्रवादी पीएलएफआई के थे. अगर पिछले पांच सालों की बात की जाये तो इस साल आपराधिक घटनाओं में कमी दर्ज की गयी है. वहीं नक्सलियों और उग्रवादियों के द्वारा पोस्टरबाजी और वाहनों की आगजनी की घटना में भी कमी आयी है. हालांकि राजधानी रांची में चोरी छिनतई और लूट की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है.




