
Ranchi: नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अरवा राज कमल ने विश्व बैंक के अधिकारियों से रांची के प्रतिष्ठित सिवरेज सिस्टम के अधिष्ठापन में वित्तीय सहयोग देने का आग्रह किया है. सचिव ने मंगलवार को कार्यालय कक्ष में मिलने आये विश्वबैंक के प्रतिनिधि मंडल से यह आग्रह किया. सचिव के अनुरोध पर विश्वबैंक के अधिकारियों ने सकारात्मक रूख इजहार किया.
इसके अलावा सचिव राजकमल ने विश्व बैंक के सहयोग से शुरू की जाने वाली गुमला, लोहरदगा एवं कपाली शहरी जलापूर्ति योजना की स्थिति पर भी चर्चा की. उन्हें बताया गया की इन तीनों योजनाओं की निविदा जल्द निकाली जायेगी. इन योजनाओं को धरातल पर उतार कर लगभग 1.60 लाख लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जायेगा. इन तीनो योजनाओं पर 330 करोड़ रुपये खर्च होंगे. विश्वबैंक के वित्तीय सहयोग से धनबाद में स्मार्ट रोड बन रहा है. विश्वबैंक के सहयोग खूंटी जलापूर्ति योजना को पूरा कर जलापूर्ति शुरू की जा चुकी है. दोनों योजनाओं पर विश्वबैंक ने संतोष व्यक्त किया.
रांची और धनबाद सिवरेज योजना लगभग 5500 करोड़ की है जो फिलहाल एशियाई विकास बैंक के वित्तीय सहयोग प्रस्तावित है. रांची सिवरेज सिस्टम के निर्माण की योजना लगभग 3000 करोड़ की है . राजधानी के सभी 53 वार्ड को चार जोन मे बाट कर सिस्टम को अधिष्ठापित किया जायेगा. डीपीआर तैयार है. स्टेकहोल्डर्स की मीटिंग हो चुकी है. सचिव से विश्व बैंक की टीम लीडर वसुधा थावाकर और रोबिन ठाकुर ने मुलाकात की जबकि जुडको की ओर पीडीटी शगोपाल जी, डीपीडी उत्कर्ष मिश्र और डीजीएम आलोक मंडल उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन के 9 वर्ष पूरे, गरीबों का घर हुआ अपना, पूरा हुआ सपना




