JharkhandMain SliderRanchi

पंचायतों में लगने वाली स्ट्रीट लाइट में जमकर हो रही है कमीशनखोरी, EESL का टेंडर हुआ नहीं और लग गयी लाइट्स  

–    विधानसभा में सवाल पूछे जाने पर विधायक को किया गया गुमराह

Akshay Kumar Jha

Ranchi: राज्यभर में पंचायतों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगने का काम धड़ल्ले से चल रहा है. इस काम के लिए ग्रामीण विकास विभाग (पंचायती राज) की तरफ से आठ मार्च को एक नोटिफिकेशन निकाला गया. नोटिफिकेशन में झारखंड के पंचायतों को दुधिया रोशनी से नहलाने की बात है. हर पंचायत में 200 एलईडी बल्ब लगेंगे.

एलईडी बल्ब लगाने का जिम्मा EESL  को दिया गया है. मामले को लेकर विधानसभा में निरसा विधायक अरुप चटर्जी ने प्रश्नकाल में सवाल उठाया था. लेकिन विभाग की तरफ से जो जवाब मिला है, वो सटीक नहीं है. विभाग की तरफ से कहा गया है कि EESL टेंडर के जरिए कंपनी का चयन करेगा, फिर लाइट लगायी जाएगी.

EESL की साइट पर जाकर देखा जा सकता है कि टेंडर 14 अगस्त को खुलेगा. लेकिन पूरे राज्यभर की पंचायतों में लाइट लगने का काम शुरू है. करीब 50 फीसदी से ज्यादा स्ट्रीट लाइट लगायी जा चुकी है और टेंडर खुला भी नहीं है.

इसे भी पढ़ें – रांची को एक और फलक का इंतजार, सैकड़ों स्ट्रीट लाइट खंभों के नंगे तार दे रहे हादसे को निमंत्रण

विधानसभा में विधायक अरुप चटर्जी के सवाल का गलत जवाब

स्ट्रीट लाइट लगाने में हो रहे कमीशनखोरी को लेकर न्यूज विंग ने 18 जून को खबर चलायी. झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र में निरसा से मासस विधायक अरुप चटर्जी ने इस मसले को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान उठाया. लेकिन उन्हें विभाग की तरफ से जो जानकारी दी गयी, वो किसी लिहाज से सही नहीं है.

विधायक ने अपने सवाल के जरिए विभाग को बताया कि जो कीमत EESL ने तय किया है, वो बाजार कीमत से ज्यादा है. विभाग ने जवाब में पहले तो कहा कि यह दर अंतिम दर नहीं है. टेंडर के जरिए दर में गिरावट आएगी. वहीं विभाग के दूसरे जवाब में कहा गया है कि विभाग ने समिति बनाकर कीमत की जांच की है. प्रस्तावित दर बाजार दर के मुताबिक है. जो सरासर गलत जवाब है.

जानिये विभाग का दर और बाजार की कीमत

सरकार की तरफ से ईईएसएल कंपनी के साथ तय किया हुआ दर

24 वाट स्ट्रीट लाइट- 1350 रुपए

आर्म क्लैम और वायर- 415 रुपए

लगाने का चार्ज – 120 रुपए

मेंटेंनेंस – 14.71 रुपए प्रति माह

इसे भी पढ़ें –  खतरा बरकरार : अब भी खुली हैं राजधानी की 8.5 लाख मीटर नालियां, ढंकने में लग सकता है लंबा समय

खुले बाजार में एलईडी लाइड की कीमत

हैवेल्स कंपनी की 24 वाट की स्ट्रीट लाइट – 980-1000 रुपए

सूर्या कंपनी की 24 वाट की स्ट्रीट लाइट – 880 रुपए

आर्म क्लैम और वायर – 200 रुपए

EESL कैसे लगवा रहा है स्ट्रीट लाइट

टेंडर खुलने से पहले ही EESL कंपनी ने  लाइट लगवाने का काम शुरु कर दिया है. EESL ने राज्य में तीन से चार बड़ी कंपनियों को लाइट लगाने का काम दिया है. तुल्सयान इंटरप्राइजेज इनमें प्रमुख हैं. तुल्सयान इंटर प्राइजेज ने यह काम किसी कंपनी से पेटी पर लिया है.

देवघर, खूंटी, रांची, हजारीबाग, रामगढ़ और बोकारो जिले में तुल्सयान स्ट्रीट लाइट लगाने का काम कर रही है. कंपनी के अधिकारियों से लाइट की कीमत पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि इस बारे उन्हें कुछ नहीं पता. उन्हें EESL की तरफ से लाइट मिलती है, जिसे कमीशन पर उन्हें बस लगा देना है.

कैसे हो रहा है करोड़ों के कमीशन का खेल

जिस स्ट्रीट लाइट को सरकार 1350 रुपए में खरीद रही है. बाजार में हैवल्स की वही स्ट्रीट लाइट 980-1000 रुपए में उपलब्ध है और सूर्या की 880 रुपए में. ऐसे में सिर्फ प्रति स्ट्रीट लाइट पर करीब 500 रुपए खेल होना तय है. हर पंचायत में 200 लाइट लगनी है.

झारखंड में पंचायतों की संख्या 4402 है. ऐसे में पूरे झारखंड में सिर्फ स्ट्रीट लाइट खरीदी में 44 करोड़ दो लाख का खेल होगा. वहीं आर्म, क्लैप और वायर की बात की जाये तो सरकार इन तीनों पर 415 रुपए खर्च करने जा रही है. जबकि खुले बाजार में थोक में लेने पर 100 रुपए में आर्म और क्लैप आसानी से उपलब्ध हैं.

वहीं 10 मीटर अच्छा वायर 100 रुपए में आराम से मिल रहा है. ऐसे में आर्म, क्लैप और वायर पर सरकार 215 रुपए ज्यादा खर्च कर रही है. 4402 पंचायतों की बात करें तो आर्म, क्लैप और वायर के पीछे करीब 18 करोड़ 92 लाख का खेल है. कुल हिसाब के मुताबिक, सिर्फ स्ट्रीट लाइट खरीदी और उसे लगाने के लिए आर्म, क्लैप और वायर के पीछे करीब 63 करोड़ का खेल होने वाला है.

इसे भी पढ़ें –फर्जीवाड़ा : अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों में कर्मियों की ज्यादा संख्या दिखा आउटसोर्सिंग एजेंसियों ने करोड़ों रुपये वसूले

Related Articles

Back to top button