
New Delhi: आम चुनाव में मिली करारी हार को लेकर कांग्रेस का मंथन जारी है. कई राज्य ऐसे हैं, जहां एनडीए ने क्लीन स्वीप किया.
हरियाणा में भी कुछ ऐसी ही स्थिति देखी गयी. पार्टी राज्य में सभी सीटें हार गयी. अब इसे लेकर नई दिल्ली में हरियाणा कांग्रेस की समीक्षा हुई.
खबर है कि इस दौरान बैठक में गाली-गलौज,वॉकआउट और धमकी सब कुछ हुआ. इस हो-हंगामे से परेशान होकर हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक तंवर खासे नाराज हो गए.
इसे भी पढ़ेंःमोदी सरकार ने किया मंत्रिमंडल की विभिन्न समितियों का गठन, रोजगार के सृजन पर विशेष ध्यान
उन्होंने गुस्से में कहा कि अगर सब कुछ खत्म करना है तो मुझे गोली मार दो. राज्य समन्वय समिति की इस बैठक में मौजूद लोगों ने बताया कि तंवर के इस बयान के बाद मीटिंग बिना किसी नतीजे के खत्म हो गई.
बेनतीजा खत्म हुई बैठक
हरियाणा कांग्रेस के नेताओं ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि राज्य में सभी 10 लोकसभा सीटों पर हार के लिए जिम्मेदार ठहराए जाने पर प्रदेश अध्यक्ष तंवर ने यह बयान दिया. यह बैठक करीब 35-40 मिनट चली, लेकिन इसका कोई नतीजा नहीं निकला.
दरअसल, हरियाणा कांग्रेस की यह बैठक पार्टी के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने मंगलवार को बुलाई थी. और इस मीटिंग का मकसद अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव पर चर्चा करना था.
लेकिन, बैठक में सकारात्मक बात होने की जगह हालात जल्द ही बेकाबू हो गए. कांग्रेस नेताओं ने बताया कि विवाद उस वक्त शुरू हुआ, जब पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबियों ने अशोक तंवर पर निशाना साधना शुरू कर दिया. बात बढ़ता देख गुलाम नबी आजाद ने वॉकआउट कर दिया.
इसे भी पढ़ेंःगिरिराज सिंह को नीतीश का जवाब- ‘दूसरों के धर्म का सम्मान नहीं करने वाले अधार्मिक’




