Lead NewsNationalNEWSTOP SLIDER

अजमेर शरीफ दरगाह के खादिम ने दी नूपुर शर्मा को जान से मारने की धमकी, मामला दर्ज

New Delhi: पूर्व भाजपा नेता नूपुर शर्मा के विवादित बयान से उठा तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा है. झारखंड, राजस्थान व महाराष्ट्र समेत विभिन्न राज्यों में हिंसक वारदातों के बाद भी माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है. अब विश्व प्रसिद्ध सूफी संत ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह के खादिम ने सलमान चिश्ती नूपुर शर्मा की हत्या की खुलेआम धमकी दी है. सलमान चिश्ती का धमकी वाला वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है. माना जा रहा है कि सलमान चिश्ती ने खुद इस वीडियो को शूट कर वायरल किया है.

 

यह वीडियो लगभग 2 मिनट 50 सेकेंड का है. वीडियो में अपनी धार्मिक भावनाओं का हवाला देते हुए सलमान चिश्ती नूपुर शर्मा को धमकी दे रहा है. सलमान चिश्ती नूपुर शर्मा को गोली मारने व जान से खत्म करने की बात कह रहा है. साथ ही सलमान चिश्ती ने वीडियो में कहा कि जो भी शख्स नूपुर शर्मा को जान से खत्म करेगा उसे वह बतौर इनाम में पैसे और मकान देगा. सलमान चिश्ती ने नूपुर शर्मा का गर्दन काटने वाले को अपना मकान देने की बात कही है.

 

वीडियो वायरल होने के बाद सलमान चिश्ती के खिलाफ अजमेर शहर के अलवर गेट थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है. जिले के एएसपी विकास सांगवान ने मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि करते हुए कहा है कि उसकी तलाश की जा रही है. यह भी बताया जा रहा है कि सलमान चिश्ती का लोकेशन कश्मीर आ रहा है. हैरानी की बात यह है कि जिस दरगाह से हमेशा शांति व भाईचारे की बात की जाती है वहां से इस तरह की बातें हो रही हैं. यह चिंतनीय है.

Related Articles

Back to top button