
Lucknow : मशहूर शायर फैज अहमद फैज की नज़्म हम देखेंगे, लाज़िम है कि हम भी देखेंगे… को लेकर आईआईटी कानपुर ने एक समिति का गठन किया है. समिति यह जांच करेंगी कि नज़्म हिंदू विरोधी है या नहीं. 15 दिसंबर को जामिया मिलिया इस्लामिया में पुलिस की कार्रवाई के विरोध में 17 दिसंबर को आईआईटी कानपुर के छात्रों ने एक शांतिपूर्ण मार्च निकाला था, जहां यह नज़्म गायी गयी थी.
फैकल्टी मेंबर की शिकायत के बाद समिति का गठन किया गया
समाचार एजेंसी आईएएनएस के अनुसार एक फैकल्टी मेंबर की शिकायत के बाद समिति का गठन किया गया है. इस सदस्य ने दावा किया था कि छात्रों द्वारा किये गये प्रदर्शन के दौरान गायी गयी यह नज़्म हिंदू विरोधी है. साथ ही समिति फैज की नज़्म के अलावा यह निर्णय भी लेगी कि छात्रों ने प्रदर्शन के दिन शहर में लागू निषेधाज्ञा का उल्लंघन किया था या नहीं. उनकी ओर से सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की गयी या नहीं.
इसे भी पढ़ें : #West_Bengal_Legislative_Assembly_Election : ममता बनर्जी को मात देने और मिशन 250 के लिए अमित शाह सीख रहे हैं बांग्ला
फैज ने जिया उल हक के खिलाफ हम देखेंगे, लाजिम है कि हम भी देखेंगे… नज़्म लिखी थी
जान लें कि 1979 में फैज ने पाकिस्तान के सैन्य शासन और सैन्य तानाशाह जिया उल हक के खिलाफ हम देखेंगे, लाजिम है कि हम भी देखेंगे… नज़्म लिखी थी. इसकी कुछ पंक्तियां हैं. जब अर्ज-ए- खुदा के काबे से सब बुत उठवाये जायेंगे, हम अहल-ए-सफा-मरदूद-ए-हरम, मसनद पे बिठाये जायेंगे, सब ताज उछाले जायेंगे, सब तख़्त गिराये जायेंगे… नज़्म में एक पंक्ति कहती है… बस नाम रहेगा अल्लाह का… जो गायब भी है हाजिर भी.
यह नज़्म तबसे तमाम विरोध प्रदर्शनों में गायी जाती रही है
फ़ैज़ की यह नज़्म तबसे तमाम विरोध प्रदर्शनों में गायी जाती रही है. 15 दिसंबर को जामिया मिलिया इस्लामिया में पुलिस की कार्रवाई के विरोध में 17 दिसंबर को आईआईटी कानपुर के छात्रों ने एक शांतिपूर्ण मार्च निकाला था, जहां इस नज़्म को गाया गया था. इस बारे में संस्थान के डिप्टी डायरेक्टर मनीन्द्र अग्रवाल ने शिकायत दर्ज करवाई थी. उनका कहना है, वीडियो में साफ दिख रहा है कि छात्र फ़ैज की नज़्म गा रहे हैं, जिसे हिंदू विरोधी भी कहा जा सकता है.
इसे भी पढ़ें : उद्धव सरकार पर बीजेपी का निशाना, फडणवीस बोले- ‘दिल्ली के मातोश्री’ से चलेगी सरकार
बुत उठवाये जायेंगे और नाम रहेगा अल्लाह का वाले हिस्से पर आपत्ति
उनकी शिकायत में नज़्म के बुत उठवाये जायेंगे और नाम रहेगा अल्लाह का वाले हिस्से पर आपत्ति उठाई गयी है. उनके अनुसार यह हिस्सा हिंदू विरोधी है. उनका यह भी आरोप है कि छात्रों ने जामिया के समर्थन में हुए प्रदर्शन में भारत विरोधी और सांप्रदायिक बयान भी दिये गये थे.
मनीन्द्र अग्रवाल की मांग है कि इस प्रदर्शन के आयोजकों और मास्टरमाइंड की पहचान कर तुरंत निष्काषित किया जाना चाहिए. अग्रवाल द्वारा प्रदर्शनकारी छात्रों के बारे में की गयी शिकायत पर पंद्रह अन्य छात्रों ने हस्ताक्षर किये हैं.
नारे को सांप्रदायिक और भ्रामक तरह से मोड़ा गया है
इस क्रम में आईआईटी के छात्रों का कहना है कि शिकायतकर्ता फैकल्टी मेंबर सांप्रदायिक पोस्ट करने के कारण सोशल नेटवर्किंग साइट पर प्रतिबंधित हैं. इससे पूर्व छात्रों ने आईआईटी कानपुर स्टूडेंट मीडिया पोर्टल पर प्रदर्शन के बारे में स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि उनके नारे को सांप्रदायिक और भ्रामक तरह से मोड़ा गया है. यह भी कहा कि जामिया में हुई पुलिस की कार्रवाई के संदर्भ में उन्होंने फ़ैज की नज़्म की कुछ लाइन ही गायी थीं. एनडीटीवी के अनुसार छात्रों का कहना है कि पोर्टल पर लिखे इस पोस्ट को प्रशासन द्वारा हटवा दिया गया था.
इसे भी पढ़ें : #CAAProtest : यूपी से पीएफआई के 25 सदस्य गिरफ्तार, पीएफआई के पीछे आईएसआई का हाथ होने का दावा




