NationalUttar-Pradesh

#CAAProtest : यूपी से पीएफआई के 25 सदस्‍य गिरफ्तार,  पीएफआई के पीछे आईएसआई का हाथ होने का दावा

Lucknow : CAA के विरोध में यूपी के कई शहरों में हुए हिंसक प्रदर्शनों को लेकर यूपी सरकार के तेवर तल्ख हैं. तमाम हिंसा के पीछे पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) का हाथ होने की बात कही जा रही है.  खबर है कि पीएफआई से जुड़े 25 लोगों को विभिन्‍न आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.

पीएफआई के पीछे आईएसआई का हाथ होने का भी दावा किया गया है. यह जानकारी बुधवार को राज्‍य के आईजी (लॉ ऐंड ऑर्डर), प्रवीण कुमार ने दी. नागरिकता संशोधन कानून(CAA) के विरोध के नाम पर हुई हिंसा में पीएफआई के सदस्‍यों के शामिल होने की जानकारी के बाद इस संगठन पर प्रतिबंध लगाने की मांग हो रही है.

पीएफआई की राजनीतिक शाखा सोशल डेमॉक्रैटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) के प्रदेश अध्यक्ष नूर हसन को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया है. जान लें कि लखनऊ पुलिस ने पीएफआई के प्रदेश संयोजक वसीम अहमद समेत अन्य पदाधिकारियों को भी शहर में बड़े पैमाने पर हिंसा और आगजनी करने के मामले में गिरफ्तार किया था.

इसे भी पढ़ें :  #CAA : भारत से घुसपैठियों के वापस लौटने का डर, बांग्लादेश ने सीमा पर मोबाइल इंटरनेट बंद किया

आपत्तिजनक साहित्य और सामग्री बरामद

जानकारी सामने आने के बाद डीजीपी कार्यालय ने पीएफआई का ब्योरा जुटाना शुरू किया था. ब्योरे का अध्ययन कर डीजीपी ओपी सिंह ने पीएफआई पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव तैयार कर गृह विभाग को भेजा. डीजीपी मुख्यालय ने अपनी सिफारिश में पीएफआई के बारे में लिखा है कि इसके ज्यादातर सदस्य इस्लामिक स्टूडेंट मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी)से जुड़े रहे हैं. संगठन के लोगों के पास से पूरे राज्य में आपत्तिजनक साहित्य और सामग्री बरामद की गयी है. यूपी की हिंसा में पकड़े गये कई लोगों के संबंध पीएफआई से निकले हैं.

इसे भी पढ़ें :   #Bhima_Koregaon_War : आज 202वीं सालगिरह, लाखों लोगों के जयस्तंभ पर जुटने के अनुमान, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

पीएफआई के पीछे आईएसआई

यूपी सरकार के मंत्री आरोप लगाते हैं कि पीएफआई के अधिकतर सदस्‍य प्रतिबंधित संगठन सिमी के सदस्‍य रह चुके हैं. बुधवार को राज्‍य के मंत्री मोहसिन रजा ने कहा कि सिमी पर प्रतिबंध के बाद एक नया संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया बना. वे युवाओं को कट्टरपंथी बनाना चाहते हैं और उन्हें आतंकवाद की ओर धकेलना चाहते हैं. मोहसिन रजा ने पीएफआई के पीछे आईएसआई का हाथ होने का भी दावा किया.

पीएफआई खुद को एक गैर सरकारी संगठन बताता है.

पीएफआई खुद को एक गैर सरकारी संगठन बताता है. इस संगठन पर कई गैर-कानून गतिविधियों में पहले भी शामिल रहने का आरोप है. गृह मंत्रालय ने 2017 में कहा था कि इस संगठन के लोगों के संबंध जिहादी आतंकियों से हैं, साथ ही इस पर इस्लामिक कट्टरवाद को बढ़ावा देने का आरोप है. पीएफआई ने खुद पर लगे इन सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया था, लेकिन अकसर इस संगठन को लेकर विवाद होता रहा है.

इसे भी पढ़ें : #CAA  :  केरल और केंद्र आमने-सामने,  विजयन ने कहा, विधानसभा का विशेषाधिकार, रवि शंकर प्रसाद ने  कहा, कानूनी सलाह लें सीएम

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button